Aapka Rajasthan

करौली पंचायत उपचुनाव में भाजपा महिला उम्मीदवार की धमाकेदार जीत, कांग्रेस उम्मीदवार को 1027 वोटों से दी मात

 
करौली पंचायत उपचुनाव में भाजपा महिला उम्मीदवार की धमाकेदार जीत, कांग्रेस उम्मीदवार को 1027 वोटों से दी मात

राजस्थान के 12 जिलों में पंचायत उपचुनाव संपन्न हो चुके हैं और इसमें भाजपा ने जीत दर्ज की है। इसी कड़ी में प्रदेश के करौली जिले की सपोटरा पंचायत समिति के वार्ड संख्या-15 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कलावती मीना ने शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस की पूनम मीना को 1027 मतों के भारी अंतर से हराकर क्षेत्र में भाजपा का परचम लहराया है। वहीं इस जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है।

कड़ी सुरक्षा के बीच परिणाम घोषित

सपोटरा पंचायत समिति के सभागार में चुनाव अधिकारी एसडीओ प्रेमराज मीना की देखरेख में मतगणना हुई। पांच टेबलों पर सुचारू रूप से चली इस प्रक्रिया में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सीओ कन्हैया लाल चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर रखा था, ताकि कोई गड़बड़ी न हो। इसके बाद जब चुनाव परिणाम सामने आए तो भाजपा समर्थकों के चेहरे पर खुशी छा गई। जानिए किसे कितने वोट मिले

निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार कलावती मीना को 1796 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की पूनम मीना को 769 वोटों से संतोष करना पड़ा। निर्दलीय प्रत्याशी रामू मीना को मात्र 58 वोट मिले। कुल 55.28 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें बालोटी व डिकोली क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों पर मतपत्रों के माध्यम से वोट डाले गए।

क्यों हुआ यहां उपचुनाव
पंचायत समिति प्रधान व वार्ड-15 सदस्य कमली देवी के निधन के बाद यह उपचुनाव जरूरी हो गया था। उनके निधन से यह पद रिक्त हो गया था, जिसके लिए मतदाताओं ने अपना नया प्रतिनिधि चुना।

भाजपा में जश्न, अब प्रधान पद की बारी
कलावती मीना की जीत की खबर फैलते ही समर्थकों ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया और मिठाई बांटकर जश्न मनाया। क्षेत्रीय विधायक हंसराज बालोटी भी इस जीत से उत्साहित नजर आए। अब सबकी निगाहें 10 जून को होने वाले पंचायत समिति प्रधान पद के उपचुनाव पर टिकी हैं। इस जीत से भाजपा को और मजबूती मिली है और कार्यकर्ता अगले चुनाव के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।