Aapka Rajasthan

Karoli जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा हारी

 
Karoli जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा हारी

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली लोकसभा चुनाव के तहत मंगलवार को आए परिणाम में करौली-धौलपुर संसदीय क्षेत्र में भाजपा को शिकस्त मिली। भाजपा प्रत्याशी इन्दुदेवी जाटव अपने गृह जिले करौली की चारों विधानसभाओं में भी कांग्रेस प्रत्याशी भजनलाल जाटव से काफी पिछड़ गई। कांग्रेस प्रत्याशी भजन लाल जाटव को बाहरी प्रत्याशी होने का प्रचार करने वाली भाजपा करौली, हिण्डौन, सपोटरा और टोडाभीम विधानसभाओं में से किसी में भी अपनी बढ़त नहीं बना सकी। वैसे संसदीय क्षेत्र की आठ विधानसभाओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो धौलपुर की बसेड़ी विधानसभा में भी भाजपा प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि धौलपुर जिले की तीन विधानसभाओं में भाजपा ने कांग्रेस को शिकस्त दी।

यहां पिछड़ी भाजपा : आंकड़ों का विश्लेषण करें तो बसेड़ी विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी को 40 हजार 925 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ने यहां बढ़त बनाते हुए 59 हजार 893 मत हासिल किए। इस प्रकार बसेड़ी विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी को 18 हजार 968 मत कम मिले। इसी प्रकार टोडाभीम विधानसभा में तो कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी को मतों के अंतर में काफी पीछे छोड़ दिया। यहां से भाजपा प्रत्याशी को 38 हजार 441 मत मिले, जबकि कांग्रेस को 89 हजार 123 मत मिले। इस प्रकार कांग्रेस प्रत्याशी ने 50 हजार 682 मतों की बढ़त बनाई।

करौली विधानसभा की बात करें तो यहां भी कांग्रेस प्रत्याशी को अधिक मत मिले। करौली विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी 50 हजार 484 मत ही ले सकीं, तो कांग्रेस प्रत्याशी को 68 हजार 74 मत मिले और 17 हजार 590 मतों की बढ़त मिली। वहीं सपोटरा में कांग्रेस प्रत्याशी 37 हजार 548 मतों से आगे रहे। इस विधानसभा में भाजपा को 39 हजार 626 मत मिले, जबकि कांग्रेस को 77 हजार 174 मत हासिल हुए। हिण्डौन विधानसभा क्षेत्र के आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां से भाजपा को 59 हजार 295 मत मिले, जबकि कांग्रेस को 76 हजार 81 मत मिले। इस प्रकार हिण्डौन में भी कांग्रेस 16 हजार 786 मतों से आगे रही।