सातवें फेरे से पहले दूल्हे को आया फोन और तोड़ दी शादी! लड़की वालों ने बनाया बंधक, जानिए क्या है ये सनसनीखेज मामला ?
राजस्थान के करौली जिले में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी संपन्न होने से पहले ही सबकुछ बदल गया। दूल्हा-दुल्हन ने छह फेरे पूरे कर लिए थे और जैसे ही सातवां फेरा लेने का समय आया, दूल्हे के फोन पर लगातार कॉल आने लगे। पहले तो सभी ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब बार-बार कॉल आने लगे, तो दूल्हे ने फोन उठाया और बात करने के बाद अचानक सातवां फेरा लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इस फैसले से दुल्हन पक्ष हैरान और गुस्से में आ गया। उन्होंने तुरंत दूल्हे और उसके परिवार को बंधक बना लिया और शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग करने लगे। लड़की के परिवार का दावा है कि उन्होंने शादी में करीब 56 लाख रुपये खर्च किए हैं। उनका कहना है कि बिना किसी ठोस कारण के शादी से इनकार करना न केवल भावनात्मक अपमान है, बल्कि आर्थिक रूप से भी बड़ा नुकसान है।
मौके पर पहुंची पुलिस
इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बात की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह फोन किसका था और उस कॉल में ऐसा क्या हुआ कि दूल्हे ने शादी तोड़ने का फैसला कर लिया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कई यूजर्स ने दूल्हे की मंशा पर सवाल उठाए हैं और दूल्हे के परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए शादी का खर्च वापस करने की मांग की है। कुछ ने इसे "लड़की का मामला" बताया है। यह घटना न सिर्फ शादी बल्कि सामाजिक और भावनात्मक जिम्मेदारियों की अनदेखी का उदाहरण बन गई है।
