Karoli शिवपुराण कथा सुन विभोर हुए श्रोता, सामूहिक आरती की
Dec 25, 2024, 15:01 IST
करौली न्यूज़ डेस्क,समीपवर्ती कस्बा शहर में चल रही शिव महापुराण कथा महोत्सव में मंगलवार को कथा वाचक महंत कमल गिरी महाराज ने शिव सती चरित्र सहित भगवान शिव की कथा का वर्णन किया। कथा में प्रसंग सुनकर श्रोता विभोर हो गए। महंत कमल गिरी महाराज ने बताया कि देवी पार्वती ने बनवास के दौरान जंगलों में सीता की खोज में घूम रहे भगवान श्रीराम की परीक्षा ली। जिन्होंने माता सीता का वेश बना लिया। लेकिन भगवान श्रीराम ने उनको पहचान लिया। जिसके बाद देवी पार्वती को शर्मिंदा होना पड़ा। लेकिन सीता का वेश धरने के कारण महादेव ने देवी पार्वती का त्याग कर दिया। सती भी इस बात को समझ गई और राजा दक्ष के यज्ञ में जाकर आत्मदाह कर लिया। महाराज गिरी ने बताया कि विश्वास हर रिश्ते का आधार होता है जब पति-पत्नि एक दूसरे पर भरोसा नहीं करते हैं तो वैवाहिक जीवन में अशांति होना शुरू हो जाती है। इसी लिए दोनों को एक दूसरे की बात को बताना जरूरी है ताकि दोनों के बीच भरोसा बना रहे।
उन्होंने बताया कि शिव महापुराण कथा से मनुष्य को आदर्शवान जीवन जीने का ज्ञान मिलता है। शिव महापुराण में बताए आदर्शों को जीवन में उतार कर कार्य व्यवहार में लाना ही सच्चे मायने में कथा श्रवण का महत्व है। कथा में उज्जैन से आए पं. जुगलकिशोर तिवारी, इंदौर के सचिन मालवीय, सुरेन्द्रसिंह राजपूत, विशाल राजपूत ने वाद्ययंत्रों पर संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी। जिस पर श्रद्धालुओं ने नृत्य किया। इस दौरान जयकारों से माहौल धर्ममय हो गया। कथा के दौरान सामूहिक आरती की गई। कथा के आयोजन में संयोंजक कांशी गिरी, निरंजन गिरी बाबूलाल गोयल, ललित किशोर खूंटामार, हरकेश गुर्जर, खेमराज पटेल सहित बस्ती के पंच पटेल व सर्व समाज के लोग सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
