Karoli हिंडौन में पेयजल समस्या को लेकर फूटा गुस्सा, रोड जाम किया
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली हिंडौन सिटी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 20 स्थित ईदगाह कॉलोनी की करीब 5 गलियों में पीने के लिए पानी की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों को गुस्सा फूट पड़ा। इसी वजह से हिंडौन-करौली मार्ग पर वाहनों का आवाजाही ठप हो गई। इधर सडक पर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पेयजल समस्या को लेकर काफी नाराजगी जताई। करौली मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन होने की सूचना पर कोतवाली थाना और नई मंडी थाने का जाब्ता मौके पर पहुंच गया। जिसमें नई मंडी थाना प्रभारी राम किशन यादव ने लोगों से काफी देर समझाइश कर उच्चाधिकारियों को प्रदर्शन कर रहे लोगों की समस्या से अवगत कराया। करीब आधा घंटे बाद प्रदर्शन कर रहे लोगो को पेयजल सुविधा को लेकर मिले ठोस आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
लोगों के सड़क से हटने के बाद पुलिस ने मार्ग पर बिछाए गए झाड़ ओर पत्थरों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। वार्ड वासी महिला शकीला व नसीम ने बताया कि वार्ड संख्या 20 में मात्र 5 गलियों में नल कनेक्शन के लिए पाइप लाइन नही बिछाई गई। जबकि उनके वार्ड में अन्य क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति हो रही है। इस मामले में सैकड़ों लोग जलदाय विभाग कार्यालय, एसडीएम कार्यालय व स्थानीय जनप्रतिनिधि को पाइप लाइन बिछवा कर पेयजल आपूर्ति कराने की मांग कर चुके है। मगर कोई सुनवाई नही करता है। टैंकरों से आपूर्ति होने पर आपस मे झगड़े की नौबत आ गई। कई वर्षों से यहां पीने के लिए पानी की समस्या बनी हुई है। फिलहाल करौली रोड पार करके पानी लाना पड़ रहा है। जिसमें सड़क पार करते वक्त महिलाओं- युवतियों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि पीने के पानी की समस्या को लेकर विभाग के अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद कार्यवाही नही होने पर करौली रोड जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई। जाम लगने के बाद उक्त मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।नई मंडी थाना प्रभारी के प्रयासों से करीब आधा घंटे बाद जाम खुला।
