टोडाभीम की धरती पर आग का तांडव! दमकल के इंतज़ार में सैंकड़ों बीघा हरियाली और चारा जलकर राख, 4 घंटे लेट पहुंची फायर ब्रिगेड
टोडाभीम के ग्राम पंचायत अजीजपुर में रात को लगी भीषण आग ने सैकड़ों एकड़ भूमि को अपनी चपेट में ले लिया। आग से क्षेत्र की हरियाली, पेड़-पौधे व पशु चारा जलकर राख हो गया। टोडाभीम उपखंड मुख्यालय पर दमकल की सुविधा नहीं होने के कारण हिंडौन से दमकल बुलानी पड़ी। दमकल को मौके पर पहुंचने में करीब चार घंटे लग गए। इस देरी के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
50 लाख रुपए का सामान जला
यह घटना क्षेत्र में आग से होने वाले नुकसान का ताजा उदाहरण है। इससे पहले कस्बे में किराना दुकान में आग लगने से 50 लाख रुपए का सामान जल गया था। पिछले वर्ष करीरी गांव में भी एक दुकान में आग लगने से 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि टोडाभीम में दमकल की व्यवस्था होती तो समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता था। लगातार आगजनी की घटनाओं के बावजूद जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की उदासीनता के कारण अभी तक कोई स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। इस घटना से न केवल पशुओं के लिए चारे का संकट पैदा हो गया है, बल्कि ग्रामीणों की आजीविका भी प्रभावित हुई है।
