Aapka Rajasthan

राजस्थान के करौली में हुआ महिलाओं को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, इस तरह ठगी की वारदातों को देते थे अंजाम

 
राजस्थान के करौली में हुआ महिलाओं को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, इस तरह ठगी की वारदातों को देते थे अंजाम 

करौली न्यूज़ डेस्क -- राजस्थान के करौली जिले में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस ने महिला को सम्मोहित कर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है और गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार भी किया है। वहीं, इस आरोपी पर करौली एसपी की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। करौली थानाधिकारी आध्यात्मिक गौतम ने बताया कि एएसआई बृजराज शर्मा और उनकी टीम के कांस्टेबल राजू और राजवीर ने गिरोह के सदस्य फिरोज पुत्र खैरूद्दीन उम्र 43 साल निवासी आसिफाबाद समसापुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। कोर्ट के आदेशानुसार आरोपी पुलिस हिरासत में है।

महिला को सम्मोहित कर करते हैं ठगी
मामले के संबंध में एएसआई ने बताया कि 13 फरवरी 2024 को करौली के 'नीर और नाइस' चौराहे पर शाम के समय बाजार से लौट रही महिला को चार लोगों ने बातों में उलझाकर सम्मोहित कर लिया। इसके बाद महिला के पहने हुए जेवर उतार लिए और मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना करौली में एफआईआर दर्ज की गई। जिसके बाद एएसआई बृजराज शर्मा ने मामले की जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंचा
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि 15 फरवरी 2024 को इसी गिरोह ने मॉडल टाउन थाना रेवाड़ी में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों वारदातों की सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने पर आरोपियों की पहचान हुई।

कई राज्यों में कर चुका है वारदात
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी फिरोज ने 'नीर एंड नाइस' करौली तिराहा पर महिला को सम्मोहित कर उससे जेवरात ठगने की बात कबूल की है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। साथ ही ठगे गए माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। यह अंतरराज्यीय गिरोह महिलाओं को बातों में उलझाकर व सम्मोहित कर जेवरात ठगता है और लगातार ठिकाने बदलता रहता है। फिरोज ने हरियाणा, राजस्थान व महाराष्ट्र में भी वारदातें करना कबूल किया है।