Karoli बालाजी घाटी में गोवंश से भरे कंटेनर छोड़ भागे तस्कर, 30 गोवंश की मौत
Aug 21, 2024, 17:00 IST
करौली न्यूज़ डेस्क,कस्बेे के समीप घाटा मेहंदीपुर बालाजी घाटी में सोमवार रात को तस्कर गोवंश से भरे कंटेनर को छोडकऱ फरार हो गए। पीछा कर रहे भरतपुर व मथुरा के गोरक्षों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कंटेनर ट्रक को हिण्डौन के फुलवाड़ा गांव स्थित गोशाला लेकर आई। कंटेनर में 31 गोवंश में से दम घुटने से 30 की मौत हो गई। पुलिस में पशुधन चिकित्सक से पोस्टमार्टम करवा मृत गोवंश को दफनवा दिया। मामले में टोडाभीम थाने में एएसआई बनेसिंह की ओर से अवैध रूप से वध के लिए गोवंश परिवहन करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस गौ तस्करों की तलाश कर रही है। टोडाभीम थाना के सहायक उपनिरीक्षक बनेसिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब एक बजे उन्हें बालाजी घाटी पर एक कंटेनर गोवंश से भरा हुआ खड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर कंटेनर ट्रक बालाजी की तरफ घाटी में दीवार को तोड़ते हुए पेड़ के सहारे खड़ा मिला।
इस दौरान महवा के गाजीपुर खावदा टोल प्लाजा से कंटेनर ट्रक का पीछा कर रहे गोरक्षक भी मौके पहुंचे। तब तक तस्कर कंटेनर को छोडकऱ फरार हो गए। घाटी में खाई की ओर झुके कंटेनर को पुलिस खिंचवा कर रात करीब ढाई बजे टोडाभीम थाने लेकर आई।जिसे बाद में गोसेवकों के सहयोग से हिण्डौन के फुलवाड़ा स्थित गोशाला में लाया गया। जहां कंटेनर को खोल कर देखने पर 31 में से 30 गोवंश मॄतावस्था में मिला। जबकि एक गाय गंभीर हालत में मिली। जिसका उपचार किया जा रहा है। इधर, पशुधन चिकित्सक डॉ. महेश गुप्ता ने बताया कि गौवंश की मौत कंटेनर में दम घुटने से हुई है। पोस्टमार्टम के बाद मृत गौवंशों को ट्रैक्टर ट्रॉली और जेसीबी की मदद से जमीन में दफना दिया गया। इस दौरान हिण्डौन के विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी आशीष शर्मा सहित संगठन के अनेक सदस्य व ग्रामीण मौजूद रहे।
