राजस्थान में बारिश से कहर, मकान ढहने से 3 की मौत, पुलिया पार करते समय युवक बहा
राजस्थान में जारी भारी बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। कोटा और डीडवाना में मकान ढहने की घटनाओं में कुल 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। वहीं, करौली के लांगरा क्षेत्र के बुगड़ार गांव में पुलिया पार करते समय एक युवक बह गया।
सबसे दर्दनाक हादसा कोटा के सुल्तानपुर कस्बे में हुआ। शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे श्योपुर रोड पर वन विभाग कार्यालय के सामने स्थित एक मोहल्ले में मकान भरभरा कर ढह गया। इस हादसे में यास्मीन (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति जावेद गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त दोनों पति-पत्नी एक ही कमरे में सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग कमरों में थे। मलबे में दबे यास्मीन और जावेद को निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने यास्मीन को मृत घोषित कर दिया। जावेद का कोटा अस्पताल में इलाज जारी है।
लगातार बारिश से कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात ठप है और ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे पुल-पुलिया बहाव में बह रहे हैं। प्रशासन और बचाव दल राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।
