Aapka Rajasthan

Karoli महिला की हत्या के आरोप में 3 आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर

 
Karoli महिला की हत्या के आरोप में 3 आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर 

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली मां की हत्या और बेटी का गला दबाकर हत्या के प्रयास के मामले का जिला पुलिस ने खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में महिला का पति राजेश, राजेश का भतीजा राकेश और भतीजी का दामाद कुलदीप शामिल है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला है।एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि मृतका वर्षा राजेश की दूसरी पत्नी थी। दोनों में आए दिन गृह कलेश होता था। इससे तंग आकर महिला को ठिकाने लगाने के लिए उसने रिश्तेदारों के साथ वारदात को अंजाम दिया। राजेश अपनी पत्नी और बालिका को लेकर पहले खाटूश्याम और फिर कैला देवी पहुंचा। साथ ही राकेश और कुलदीप को भी कैलादेवी बुला लिया।

तीनों आरोपियों ने बेटी के सामने ही उसकी मां को मौत के घाट उतारा और करणपुर की घाटी में फेंक दिया। फिर सबूत मिटाने के लिए बेटी का गला घोटकर उसे मृत समझ घाटी की गहरी खाई में फेंक दिया, लेकिन 20 घंटे बाद बेटी खाई से जीवित निकल आई। जहां से वह ग्रामीणों के संपर्क में आई। ग्रामीणों ने पहले बालिका को अपने परिवार से बिछड़ा हुआ माना, लेकिन दूसरे दिन जब बालिका ने घटनाक्रम की जानकारी दी सभी स्तब्ध रह गए। बालिका माता-पिता के नाम के अलावा गांव परिवार कुछ नहीं बता पाई। बेटी अमृता ने इतना ही बताया कि उसके पिता और जीजा ने उसकी मां वर्षा को मारा है। वारदात के बाद एसपी ने अलग-अलग टीम गठित की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर और साइबर टीम के माध्यम से वारदात का खुलासा किया और आरोपी दबोच लिए। मामले में वारदात में प्रयोग में ली गई बोलेरो गाड़ी का ड्राइवर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। एसपी ने पुलिस टीम को बधाई देते हुए अवार्ड अभिशंषा की बात कही है।