Karoli 5.40 करोड़ की लागत से सुधरेंगी जिले के चार नगरीय निकायों की 25 सड़कें
करौली जिले के चार निकायों में 5 करोड़ 40 लाख रुपए के सीसी सडक़ संबंधी 25 कार्य किए जाएंगे। जिनकी कुल लंबाई करीब 7 किमी होगी।विभागीय स्वीकृति आदेश के अनुसार करौली नगरपरिषद क्षेत्र में 2 करोड़ की लागत से करीब 3 किमी के 16 कार्य, हिण्डौन सिटी में 2 करोड़ की लागत से 1400 मीटर सड़क निर्माण का 1 कार्य, सपोटरा नगरपालिका क्षेत्र में 1 करोड़ की लागत से 1550 मीटर सड़क निर्माण के 5 तथा नवीन घोषित नगरपालिका मण्डरायल में 40 लाख की लागत से 790 मीटर सड़क निर्माण संबंधी 3 कार्य किए जाएंगे।प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति के बाद अब टेंडर निकाले जाएंगे तथा ऑनलाइन प्रक्रिया संपादित की जाएगी जिसमें करीब डेढ़ माह का समय लगेगा। इसके बाद संबंधित संवेदक को कार्यादेश जारी किया जाएगा।
करौली नगरपरिषद क्षेत्र में सडक़ें बदहाल हो रही हैं। हाईवे सहित शहर के प्रमुख रास्तों पर गहरे गड्ढे हो रहे हैं जिनसे कई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं। शहरवासियों की परेशानी के मद्देनजर गत दिनों की ओर से सडक़ एक खोज.. मुहिम चलाई गई। जिसमें जिले की जर्जर सडक़ों के संबंध में सिलसिलेवार खबरें प्रकाशित की गई थीं। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त सडक़ों के प्रस्ताव बनाकर भेजे गए थे। ऐसे में शहरवासियों को शीघ्र ही गड्ढ़ों भरी सडक़ से निजात मिलेगी और आवाजाही में सुगमता होगी।
