Aapka Rajasthan

Karoli 5.40 करोड़ की लागत से सुधरेंगी जिले के चार नगरीय निकायों की 25 सड़कें

 
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली बजट घोषणाएं मूर्त रूप ले रही हैं। इसके तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से करौली सहित राज्य के 158 निकायों में 180 करोड़ 77 लाख 76 हजार रुपए की लागत से 728 सड़कों के कार्य किए जाएंगे। इस संबंध में स्थानीय निकाय विभाग निदेशालय के निदेशक एवं विशिष्ट शासन सचिव कुमार पाल गौतम ने इस संबंध में बुधवार को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है।गौरतलब है कि राज्य के कुल 295 निकायों में 317 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से किए जाने वाले सड़क संबंधी कार्यों में से 158 निकायों के कार्यों की स्वीकृति जारी की है।

करौली जिले के चार निकायों में 5 करोड़ 40 लाख रुपए के सीसी सडक़ संबंधी 25 कार्य किए जाएंगे। जिनकी कुल लंबाई करीब 7 किमी होगी।विभागीय स्वीकृति आदेश के अनुसार करौली नगरपरिषद क्षेत्र में 2 करोड़ की लागत से करीब 3 किमी के 16 कार्य, हिण्डौन सिटी में 2 करोड़ की लागत से 1400 मीटर सड़क निर्माण का 1 कार्य, सपोटरा नगरपालिका क्षेत्र में 1 करोड़ की लागत से 1550 मीटर सड़क निर्माण के 5 तथा नवीन घोषित नगरपालिका मण्डरायल में 40 लाख की लागत से 790 मीटर सड़क निर्माण संबंधी 3 कार्य किए जाएंगे।प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति के बाद अब टेंडर निकाले जाएंगे तथा ऑनलाइन प्रक्रिया संपादित की जाएगी जिसमें करीब डेढ़ माह का समय लगेगा। इसके बाद संबंधित संवेदक को कार्यादेश जारी किया जाएगा।

करौली नगरपरिषद क्षेत्र में सडक़ें बदहाल हो रही हैं। हाईवे सहित शहर के प्रमुख रास्तों पर गहरे गड्ढे हो रहे हैं जिनसे कई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं। शहरवासियों की परेशानी के मद्देनजर गत दिनों की ओर से सडक़ एक खोज.. मुहिम चलाई गई। जिसमें जिले की जर्जर सडक़ों के संबंध में सिलसिलेवार खबरें प्रकाशित की गई थीं। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त सडक़ों के प्रस्ताव बनाकर भेजे गए थे। ऐसे में शहरवासियों को शीघ्र ही गड्ढ़ों भरी सडक़ से निजात मिलेगी और आवाजाही में सुगमता होगी।