Karoli जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में खुलेंगे 20 केंद्र, 14 दिसंबर तक होंगे शुरू
करौली न्यूज़ डेस्क, मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत करौली जिला सहित प्रदेश भर में 1000 नवीन आंगनबाड़ी केन्द्र खोले जाएंगे। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग के शासन सचिव ने वित्त विभाग की स्वीकृति पर प्रशासनिक स्वीकृति आदेश जारी किए हैं। करौली जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में 20 नवीन आंगनबाड़ी केन्द्र खोले जाएंगे। इन केन्द्रों का संचालन 14 दिसंबर तक शुरू किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक सत्यनारायण नावरिया ने बताया कि नवीन आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने के लिए प्रस्ताव भिजवाए गए थे। जिसमें केन्द्र खोलने के लिए भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार एससी, एसटी, ओबीसी बस्तियों/क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई थी। उन्होंने बताया कि जनगणना वर्ष 2011 को आधार पर विधानसभा क्षेत्र करौली, हिण्डौन, सपोटरा व टोडाभीम में कुल 20 नवीन आंगनबाड़ी केन्द्र खोले जाएंगे। इससे पूर्व केन्द्रों के परिधि, क्षेत्र व वार्ड का निर्धारण नए सिरे से किया जाएगा। जिससे लक्षित समूह 0-6 वर्ष के बच्चे, गर्भवती, धात्री महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं का दोहरीकरण (एक-दूसरे आंगनबाड़ी की परिधि में सम्मिलित) नहीं हो सके।
शीघ्र होगा संचालन
आदेश गुरुवार को ही प्राप्त हुए हैं। शीघ्र ही इस संबंध में कार्रवाई कर नवीन आंगनबाड़ी केन्द्र खोले जाएंगे। इन केन्द्रों का संचालन निकटतम आंगनबाड़ी केन्द्र की कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त कार्यभार सौंपकर कराया जाएगा।गौरतलब है कि जिले में संचालित विभाग की 6 परियोजनाओं में 1309 आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित हैं। 20 नवीन केन्द्र खुलने से संख्या बढकऱ 1329 हो जाएगी। वहीं विभाग में काफी समय से कार्मिकों का टोटा बना हुआ है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित अन्य पद भी रिक्त हैं। जिससे विभागीय योजनाओं से लाभार्थियों को भी समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। नवीन केन्द्र खोलने पर कार्मिकों पर अतिरिक्त कार्यभार का दबाव रहेगा।
