Aapka Rajasthan

Karoli माता के द्वार लगी श्रद्धा की कतार, डेढ़ लाख ने किए दर्शन

 
Karoli माता के द्वार लगी श्रद्धा की कतार, डेढ़ लाख ने किए दर्शन

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली नववर्ष के अवसर पर पहले दिन बुधवार को उत्तरभारत प्रसिद्ध आस्थाधाम कैलादेवी तथा करौली स्थित भगवान मदनमोहनजी मंदिर में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते कैलामाता और भगवान मदनमोहनजी के जयकारे गुंजायमान होते रहे। इस दौरान कड़ाके की सर्दी भी श्रद्धा के आगे नतमस्तक नजर आई। नववर्ष के पहले दिन राजस्थान के विभिन्न शहरों के अलावा दूसरे प्रांतों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर मनौती मांगी। कैलादेवी मंदिर ट्रस्ट के अनुसार इस दौरान करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर मनौती मांगी। नववर्ष के पहले दिन श्रद्धालुओं ने कैलामाता के दर्शन-पूजा-आरती कर खुशहाली की मनौती मांगी। नववर्ष की पहली भोर में कैलामाता के दर्शनों की खातिर रात से ही आस्थाधाम में उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, गुजरात व राजस्थान के विभिन्न शहरों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया।

सुबह मंगला आरती से पहले ही मंदिर के आगे रैलिंगों में श्रद्धालुओं की कतार लग गई। कड़ाके की सर्दी के बीच श्रद्धालु हाथों में भोग-प्रसाद-चुनरी-नारियल की थाली लिए माता के गुनगान करते नजर आए। तड़के मंगला आरती पर जैसे ही मंदिर के पट खुले तो कैलामाता के जयकारे गुंजायमान हो उठे। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर खुशहाली की मनौती मांगी। इस दौरान दोपहर बाद तक रैलिंगों में श्रद्धालुओं की कतार नजर आई। कैलादेवी मंदिर ट्रस्ट के प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि नववर्ष के पहले दिन करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर मनौती मांगी। इधर करौली स्थित भगवान मदनमोहनजी का मंदिर परिसर बंशीवारे के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने आराध्य देव के दर्शन कर मनौती मांगी। सुबह की झांकियों और शाम की झांकियों पर दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

शुभकामनाओं का खूब चला दौर :नववर्ष के स्वागत और शुभकामनाओं का दौर भी दिनभर चला। लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। अनेक लोग परिवार सहित मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन किए। इधर सोशल मीडिया के जरिए शुभकामना संदेशों का आदान-प्रदान दिनभर जारी रहा।