Karoli हिंदू स्वाभिमान यात्रा में 11 हजार महिलाएं होंगी शामिल
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिला मुख्यालय पर 24 दिसंबर को आयोजित होने वाली हिंदू स्वाभिमान यात्रा को लेकर करौली कोतवाली थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शांति समिति के सदस्य, आयोजन समिति के पदाधिकारी, कलेक्टर नीलाभ सक्सेना, एसपी बृजेश ज्योति उपाध्यक्ष सहित पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यात्रा के रूट चार्ट सहित व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।

आयोजन समिति के वेद प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि हिंदू स्वाभिमान यात्रा मंगलवार दोपहर 1 बजे मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम से शुरू होगी। यात्रा हिंडौन दरवाजा, फूटा कोट, बड़ा बाजार से होकर राम द्वारा पहुंचेगी। यात्रा में विभिन्न प्रकार की सजीव झांकियों के साथ 11 हजार महिलाओं के कलश लेकर शामिल होने का लक्ष्य है। यात्रा में रथ पर सवार होकर संत शामिल होंगे। यात्रा के समर्थन में व्यापार मंडल ने भी बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है।कलेक्टर नीलाभ सक्सेना और एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने कहा कि यात्रा की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही रास्ते में जगह-जगह विविध डिजिटल माध्यमों से भी निगरानी की जाएगी। बैठक में एसपी और कलेक्टर ने शांति समिति, आयोजन समिति के सदस्यों सहित शहर वासियों से कानून व्यवस्था व शांति बनाए रखने व अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की है।
