महंगाई को लेकर राजस्थान में महिला कांग्रेस की औरतों ने किया विरोध प्रदर्शन, सिलेंडर को माला पहनाकर सिगड़ी पर बनाई रोटी

केंद्र सरकार द्वारा घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपए की बढ़ोतरी के विरोध में आज जोधपुर में महिला कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक एवं शहर जिला महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीषा पंवार एवं ग्रामीण जिला कमेटी अध्यक्ष विजयलक्ष्मी पटेल के संयुक्त नेतृत्व में महिलाओं ने सड़क पर बैठकर सिलेंडर पर माला पहनाई।
सिगड़ी एवं देसी चूल्हे पर रोटियां सेंककर केंद्र सरकार के फैसले का विरोध किया। इस दौरान पूर्व विधायक पंवार ने कहा- महिलाओं की बात करने वाली केंद्र सरकार अब गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ डालने से भी नहीं हिचक रही है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। यही भाजपा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में मामूली बढ़ोतरी पर भी बड़े-बड़े विरोध प्रदर्शन कर तत्कालीन कांग्रेस सरकार को कोसती थी।
ग्रामीण जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष पटेल ने कहा- आज की केंद्र सरकार महिलाओं की कितनी चिंता करती है, इसका उदाहरण हाल ही में घरेलू गैस के बढ़े दाम से दिखाई देता है। यह सरकार निम्न आय वर्ग के परिवारों पर लगातार महंगाई का बोझ बढ़ा रही है। अगर समय रहते केंद्र सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो महिलाएं सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगी।