Aapka Rajasthan

आसाराम के आश्रम में युवती के साथ अश्लील हरकत, वीडियो में देखें अब तक बड़ी खबर

 
आसाराम के आश्रम में युवती के साथ अश्लील हरकत, वीडियो में देखें अब तक बड़ी खबर 

जोधपुर न्यूज़ डेस्क, आसाराम के जोधपुर आश्रम में छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के आरोपियों पर धमकियां देने के आरोप लगे हैं। पीड़ित महिला का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी वॉट्सऐप ग्रुप में मैसेज भेजकर धमकियां दे रहा है। मैसेज में लिखा है- सुधर जाओ....हम सख्त इलाज करेंगे।पीड़िता ने बताया कि उन्हें डर है कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी हमें मार देंगे। लेकिन मरना एक बार है, ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ कर मरेंगे।दरअसल, मध्यप्रदेश के मुरैना की रहने वाली महिला ने जोधपुर महानगर मजिस्ट्रेट की कोर्ट में इस्तगासा पेश किया था। कोर्ट के आदेश पर महिला से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के संबंध में 3 फरवरी को बोरानाडा थाने में मामला दर्ज किया गया था।

 

सबसे पहले जानते हैं महिला ने जो पूरा घटनाक्रम बताया…

‘21 जुलाई 2024 को गुरु पूर्णिमा के दिन आश्रम में आसाराम का जोधपुर सेंट्रल जेल के अंदर से लाइव चल रहा था….हम सब साधिकाएं प्रवचन सुन रही थीं...इसी दौरान आसाराम बोला- आंखें खोलो और देखो हमारा सत्संग ध्यान से सुनो…देखो जागो नहीं तो पछताओगे….।इतना सुना और मैं एकदम से चिल्लाने लगी। ये आसाराम को क्या हो गया है। मैंने देखा कि आसाराम का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। उसका इलाज ढंग से नहीं करवाया जा रहा।मैंने और कुछ अन्य बहनों ने वहां मौजूद सेवादारों से बात की...उनसे सवाल पूछे कि आसाराम के साथ आप लोग क्या कर रहे हो, इलाज क्यों नहीं करवाते?

अश्लील हरकत के साथ मारपीट का भी आरोप

सेवादारों ने कहा कि ऊपर जाओ और अर्जुन से पूछो। वही लीगल मामले और पूरा मैनेजमेंट देखता है, वही बताएगा क्या हो रहा है। इस पर हम 5 से 7 साधिकाएं अर्जुन के पास गईं। सवाल करते ही अर्जुन भड़क गया। उसके पास मौजूद अन्य सेवादार थे वह सब एकदम गुस्सा हुए।हमारे साथ अश्लील हरकत की। मेरी चुन्नी खींची, मेरे साथ एक और साधिका बहन थी, उसको धक्का देकर गिराया। यहां तक कि हम साधिकाओं के प्राइवेट पार्ट पर नोचा।मैं चिल्लाई अन्य साधक साधिकाओं को ऊपर बुलाया, तब तक पंकज उर्फ अर्जुन वहां से भाग गया। जबकि चेतन नाम के दूसरे व्यक्ति को बाकी बहनों ने पकड़कर पीटा। लेकिन मौका पाकर चेतन भी कमरे में घुस गया। दरवाजा बंद कर दिया।


महिला बोली- पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की

पीड़ित महिला ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि यह घटनाक्रम हुआ तो हमने पुलिस को बुलाया था। लेकिन पुलिस ने कहा- यह सब तो आपके गुरु भाई हैं।इस पर हम चिल्ला कर बोले- ऐसा सगा भाई हो तब भी उसे सजा दिलाएंगे। पुलिस आकर चली गई। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।कार्रवाई करने की बजाय सेवादार चेतन को पुलिस अपने प्रोटेक्शन में आश्रम से बाहर ले गई। हम थाने भी पहुंचे लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। कमिश्नर के पास गए तो उन्होंने भी आश्वासन दिया, मामला दर्ज नहीं हुआ।

ये साधक को गायब भी कर देते हैं- पीड़िता

फिर कोर्ट में 22 जनवरी को हमने वकील के जरिए मामला दर्ज करवाया। जो 3 फरवरी को इस्तगासे के माध्यम से बोरानाडा थाने में दर्ज हुआ।लेकिन जब से मुकदमा दर्ज हुआ है, आरोपी लगातार साधकों के वॉट्सऐप ग्रुप में धमकी भरे मैसेज भेज रहे हैं।मामला दर्ज करवाने वाली साधिका ने बताया कि जब भी अर्जुन से बात करते हैं तो वह धमकाता है।वॉट्सऐप पर भी धमकी भरे मैसेज करता है। महिला ने बताया कि जो भी साधक इनके कहे अनुसार नहीं चलता उन्हें पिटवाया जाता है या उसे गायब कर देते हैं।


मैसेज में लिखा - हमें हल्के में मत लेना

वॉट्सऐप ग्रुप के मैसेज में लिखा था जो भी साधक बापूजी को लेकर सवाल करेंगे, उसका हम सख्त इलाज करेंगे, तुम दो चार लोग ही तो आश्रम में आओगे। हम आश्रमवासी को हल्के में मत लेना।मैसेज में आश्रम की आज्ञा को गुरु आज्ञा बताया और लिखा कि जो भी आज्ञा की अवहेलना करेगा उसका क्या हाल होगा वह किसी से छुपा नहीं, मनसुख ने आज्ञा की अवहेलना कर माधवबाग के लिए अप्लाई किया था।मैनेजमेंट ने मुक्तानंद का क्या हाल किया ये तो जगजाहिर है, कोई लीगल मामले में दखलंदाजी न करे, सुधर जाएं।

जिस पर आरोप वो बोला- मुझे कोई बात नहीं करनी

आसाराम के जोधपुर आश्रम का मैनेजमेंट अर्जुन उर्फ पंकज मीरचंदानी पुत्र किशन चंद के पास है। महिला ने उसके साथ सेवादार चेतनराम साहू पुत्र धन्नाराम, सचित भोला पुत्र श्यामसुंदर भोला और जीवन पर छेड़छाड़ और अश्लीलता करने का आरोप लगाया है।साधिका के इस आरोपों पर जब आश्रम के सेवादार अर्जुन से  बात करने की कोशिश की तो अर्जुन ने पहले कॉल नहीं उठाया। करीब 15 से 20 कॉल करने के पर उसने कॉल रिसीव किया और कहा- इस बारे में कोई बात नहीं करनी।


महिला का दावा- जेल से प्रवचन देता था आसाराम

पीड़ित महिला ने दावा किया कि - आसाराम जेल से ही प्रवचन देता था। महिला ने एक वीडियो भेजकर दावा किया कि ये जोधपुर सेंट्रल जेल से प्रसारित हुआ था। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि नहीं हो सकी है।महिला ने बताया कि सेवादार आश्रम में जेल से लाइव करवाते हैं। उसने यह भी दावा किया कि आश्रम के ही भरोसेमंद सेवादार को जेल भेजा जाता है।गुरु पूर्णिमा और अन्य मौके पर लाइव होता है। साधक दूर-दूर से अपने गुरू के दर्शन के लिए आते हैं। दर्शन नहीं होता, लेकिन लाइव प्रवचन सुन लेते हैं।महिला का दावा है कि आसाराम भी आश्रम पर पैसे ऐंठने के आरोप लगा चुका है। इस वीडियो में आसाराम अपने सेवादारों से कह रहा है कि एक तरह से गैंग बन चुकी हैं। साधकों के सामने फोन पर ऐसे बात करते हैं जैसे मुझ से बात कर रहे हो।वीडियो में आसाराम कहता है कि मैं कभी फोन पर बात नहीं करता, मेरे नाम से जिस साधक से पैसे मांगे जा रहे हैं, जो पैसे मांग रहा है, उसको पीटना चाहिए। महिला ने कहा इन सेवादारों के खिलाफ साधकों में गुस्सा था।


आसाराम 2 मामलों में दोषी

जोधपुर कोर्ट: जोधपुर के मणाई आश्रम में नाबालिग से रेप के मामले में आसाराम को पुलिस ने इंदौर के आश्रम से 2 सितंबर 2013 को गिरफ्तार किया था। 25 अप्रैल 2018 को जोधपुर की स्पेशल पॉक्सो कोर्ट ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।गांधीनगर कोर्ट: आसाराम के खिलाफ गुजरात के गांधीनगर में आश्रम की एक महिला ने रेप का मामला दर्ज करवाया था। कोर्ट ने 31 जनवरी 2023 को इस मामले में आसाराम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।