Aapka Rajasthan

राजस्थान में मौसम का अलर्ट! जोधपुर समेत कई जिलों में लू और भीषण गर्मी की चेतावनी

 
राजस्थान में मौसम का अलर्ट! जोधपुर समेत कई जिलों में लू और भीषण गर्मी की चेतावनी

जोधपुर न्यूज़ डेस्क - राजस्थान में मौसम गर्म होने लगा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर पश्चिमी राजस्थान में देखने को मिल रहा है। बाड़मेर और जैसलमेर की धरती आग उगलने लगी है। बाड़मेर, जोधपुर, जालौर और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है। जिसके चलते लोगों को दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में पश्चिमी राजस्थान में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। 

बाड़मेर में तापमान बढ़ने लगा 
मौजूदा मौसम के हालातों पर नजर डालें तो प्रदेश के आधे से ज्यादा जिलों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री (सामान्य से 5.2 डिग्री ज्यादा) सेल्सियस सीमावर्ती बाड़मेर में दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान अंता (बारां) और संगरिया में 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दर्ज किए गए प्रेक्षणों के अनुसार प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हवा में नमी की औसत मात्रा 25 से 55 फीसदी के बीच दर्ज की गई। 

यह है प्रमुख जिलों का अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को अजमेर में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री, अलवर में 37.2 डिग्री, जयपुर में 36.9 डिग्री, सीकर में 36.0 डिग्री, कोटा में 37.3 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 39.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.6 डिग्री, जैसलमेर में 40.0 डिग्री, जोधपुर में 39.3 डिग्री, बीकानेर में 39.4 डिग्री, चूरू में 38.5 डिग्री, श्रीगंगानगर में 36.9 डिग्री तथा माउंट आबू में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

26-28 मार्च तक राहत के आसार
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार 26-27 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ बनने की संभावना है, जिसके आंशिक प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर संभाग में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की अपेक्षाकृत तेज सतही हवाएं चलने तथा आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। जिसके चलते 26-28 मार्च को तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।