Jodhpur के ज्वेलरी-शॉप में दो महिलाओं ने किया बड़ा कांड, इतने जोड़ी चांदी की पायजेब लेकर हुई रफूचक्कर

जोधपुर न्यूज़ डेस्क - जोधपुर में ज्वैलरी की दुकान से 19 जोड़ी चांदी की पायल चोरी करने के मामले में प्रताप नगर थाना पुलिस ने 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में सुनीता (46) पत्नी शेर सिंह पुत्री मोहन राम नट निवासी नट बस्ती मसूरिया और रईसा (39) पत्नी बलवंत पुत्री सैय्यब राम नट निवासी नट बस्ती मसूरिया को गिरफ्तार किया है। 3 महिलाएं खरीदारी के बहाने दुकान पर आई थीं।
सीसीटीवी में हुआ वारदात का खुलासा
सुंथला निवासी गुलाब सिंह राजपुरोहित ने प्रताप नगर थाने में रिपोर्ट दी थी। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि उनकी कृष्णा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है, जहां 19 मार्च को तीन महिलाएं खरीदारी के लिए आई थीं। उन्होंने मौका पाकर 19 जोड़ी चांदी की पायल चुरा लीं। बाद में जब सामान की जांच की गई तो दुकान में कुछ पायलें गायब मिलीं। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज से महिलाओं की करतूत सामने आई।
इस पर मामला दर्ज किया गया। फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। फिलहाल महिलाओं से पूछताछ की जा रही है, जिसमें चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।