Aapka Rajasthan

जोधपुर में तरंग शक्ति-2026 का ऑपरेशनल फेज शुरू, आसमान में दिखेगा F-35 और राफेल का दम

 
जोधपुर में तरंग शक्ति-2026 का ऑपरेशनल फेज शुरू, आसमान में दिखेगा F-35 और राफेल का दम

राजस्थान के जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर भारतीय वायुसेना के बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास ‘तरंग शक्ति-2026’ का ऑपरेशनल फेज शुरू हो गया है। रविवार को भारतीय वायुसेना और सात मित्र देशों की वायु सेनाओं ने संयुक्त हवाई प्रशिक्षण की शुरुआत की। यह अभ्यास 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चलेगा और इसकी थीम ‘पावर इन पार्टनरशिप’ रखी गई है।

इससे पहले शनिवार को एयर मार्शल पीवी शिवानंद ने अभ्यास के उद्घाटन समारोह में औपचारिक रूप से एक्सरसाइज की शुरुआत की। उन्होंने विभिन्न देशों से आए दलों के कमांडरों को आधिकारिक एक्सरसाइज पैच प्रदान किए। समारोह का समापन राजस्थानी संस्कृति की प्रस्तुति के साथ हुआ।

तरंग शक्ति-2026 में अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायु सेनाएं भारतीय वायुसेना के साथ हिस्सा ले रही हैं। इनके अलावा कई अन्य देश पर्यवेक्षक के तौर पर अभ्यास में शामिल हैं।

इस युद्धाभ्यास में कई आधुनिक लड़ाकू और सैन्य विमान हिस्सा ले रहे हैं। इनमें अमेरिकी F-35 लाइटनिंग II, फ्रांस के राफेल, यूएई के F-16, A400M, MRTT, C-130 और KC-30A जैसे विमान शामिल हैं। इससे अलग-अलग देशों की वायु सेनाओं को संयुक्त अभियानों, हवाई युद्ध प्रशिक्षण और ऑपरेशनल प्रक्रियाओं का अभ्यास करने का अवसर मिलेगा।

भारतीय वायुसेना के अनुसार, अभ्यास का उद्देश्य अलग-अलग देशों की वायु सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाना, परिचालन अनुभव साझा करना और संयुक्त मिशनों के दौरान इंटरऑपरेबिलिटी को मजबूत करना है। अभ्यास में लड़ाकू अभियानों के साथ एयरलिफ्ट, एयर-टू-एयर रिफ्यूलिंग, निगरानी और अन्य मिशन सेट का भी प्रशिक्षण शामिल है।

जोधपुर में होने वाले इस अभ्यास में करीब 40 देशों की भागीदारी बताई गई है और लगभग 80 विमान इसमें शामिल हैं। अगले करीब दो सप्ताह तक राजस्थान के आसमान में भारतीय और विदेशी वायुसेनाओं के विमान विभिन्न संयुक्त अभ्यासों में हिस्सा लेंगे।