Aapka Rajasthan

Jodhpur में 15 दिन बाद आ सकता है मानसून, अलर्ट जारी

 
Jodhpur में 15 दिन बाद आ सकता है मानसून, अलर्ट जारी 
जोधपुर न्यूज़ डेस्क, जोधपुर  दक्षिणी पश्चिमी मानसून ने रविवार को मुम्बई को भिगाने के बाद सोमवार को महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों को कवर किया। अरब सागर से नमी मिलने से इसके अगले दो दिनों में पूरे महाराष्ट्र को कवर करने का पूर्वानुमान है, लेकिन दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी में कोई सिस्टम नहीं होने से पूर्वी हिस्से में मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार कुछ सुस्त हो गई है। बंगाल की खाड़ी में अगले 10-15 तक कोई सिस्टम नहीं है। सिस्टम बनने के बाद ही मानसून राजस्थान की तरफ मूव करेगा। मानसून के 25 जून या उसके बाद ही प्रदेश में हाड़ौती के रास्ते प्रवेश करने की संभावना है। जोधपुर में जून के अंतिम दिनों अथवा जुलाई के प्रथम सप्ताह में मानसून आएगा। जोधपुर में अधिकतम तापमान 43.6 और न्यूनतम 30.1 डिग्री रहा।

तब तक उत्तरी राजस्थान में रहेगी तेज गर्मी

मानसून के नहीं आने तक उत्तरी राजस्थान में पारा 44 से 45 डिग्री के आसपास रहेगा। कभी कभार हीटवेव की स्थिति भी हो सकती है, जबकि पूर्वी राजस्थान में कुछ दिन में अब प्री मानसून गतिविधियां शुरू हो जाएगी। जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान उमस भरी गर्मी हलकान करती रहेगी।

अभी बंगाल की खाड़ी में कोई सिस्टम नहीं

वैसे तो मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है, लेकिन वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में कोई सिस्टम नहीं है, जिससे अगले 10-15 दिन तक मानसून प्रदेश में आने की संभावना नहीं है। सिस्टम बनने के बाद ही मानसून ट्रिगर करेगा।