जोधपुर जिला प्रमुख का चुनाव कल, शाम तक आएगा रिजल्ट; सुबह होंगे नामांकन, BJP-कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नाम नहीं किए घोषित
राजस्थान के जोधपुर में जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जिला परिषद के नए जिला प्रमुख का चुनाव बुधवार, 25 नवंबर को होगा। चुनाव प्रक्रिया सुबह 10 बजे निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों की बैठक के साथ शुरू होगी। नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की प्रक्रिया बुधवार को ही पूरी कर ली जाएगी। प्रशासन के अनुसार, शाम तक चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आलोक रंजन के अनुसार, जिला प्रमुख के निर्वाचन के लिए अटल सेवा केंद्र के प्रथम तल पर बैठक आयोजित होगी। इसमें जिला परिषद के निर्वाचित सदस्य हिस्सा लेंगे।
सुबह 11 बजे तक दाखिल होंगे नामांकन
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवारों को दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लेने का समय दिया जाएगा। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
यदि चुनाव में मतदान की जरूरत पड़ती है तो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग कराई जाएगी। मतदान पूरा होते ही मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
BJP-कांग्रेस ने नहीं खोले पत्ते
जिला प्रमुख पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन चल रहा है। दोनों दलों ने अभी तक आधिकारिक रूप से अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। पार्टी के भीतर कई नेताओं ने दावेदारी पेश की है। ऐसे में अंतिम समय में उम्मीदवार के नाम पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।
चुनाव से पहले दोनों दल अपने जिला परिषद सदस्यों को एकजुट रखने और समर्थन जुटाने में लगे हैं। क्रॉस वोटिंग की आशंका के चलते भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
26 नवंबर को चुना जाएगा उप जिला प्रमुख
जिला प्रमुख के चुनाव के अगले दिन यानी 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का निर्वाचन होगा। इसके लिए भी नामांकन, जांच और जरूरत पड़ने पर मतदान की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी कराई जाएगी।
अब सभी की नजरें बुधवार को होने वाले चुनाव पर टिकी हैं। नामांकन के दौरान भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।
