Aapka Rajasthan

Jodhpur अधिक पैदावार से गोभी किसानों को भारी घाटा, मजदूरी भी नहीं मिल रही

 
Jodhpur अधिक पैदावार से गोभी किसानों को भारी घाटा, मजदूरी भी नहीं मिल रही

जोधपुर न्यूज़ डेस्क, जोधपुर राजस्थान के तिंवरी-मथानिया और ओसियां कृषि क्षेत्र में किसानों को पत्ता गोभी की फसल में भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। एक महीने पहले 30-40 रुपए प्रति किलो बिकने वाली गोभी अब महज 2-5 रुपए किलो के भाव पर बिक रही है, जो मजदूरी की लागत से भी कम है।क्षेत्र के प्रमुख किसान सुमेर देवड़ा के अनुसार, इस वर्ष अजमेर, पुष्कर और तिंवरी-मथानिया क्षेत्र में गोभी की बुवाई अधिक होने से सप्लाई बढ़ गई है। पिछले साल के अच्छे दामों से प्रेरित होकर किसानों ने करीब 15 हजार बीघा क्षेत्र में खेती की, जिससे मांग से अधिक उत्पादन हो गया।

स्थिति यह है कि अब पशुओं के चारे से भी गोभी सस्ती हो गई है। किसान गेनाराम माली के अनुसार, जहां पशु चारे का एक पुला 5 रुपए किलो में मिलता है, वहीं आधे से एक किलो वजन की पत्ता गोभी मात्र 2 रुपए में बिक रही है।तिंवरी, बालरवा, बिंजवाड़िया, रजासनी, रामपुरा, कोटड़ा और बड़ा कोटेचा सहित कई गांवों के किसान इस संकट से जूझ रहे हैं। कम कीमत के कारण किसान फसल की कटाई भी नहीं कर रहे हैं और मजबूरी में खेतों में ही मवेशियों को खिला रहे हैं। बुवाई से लेकर कटाई तक का खर्च और मंडी तक परिवहन की लागत भी नहीं निकल पा रही है।