Aapka Rajasthan

होली पर पश्चिमी विक्षोभ का असर! अगले 96 घंटों में इन जिलों में बारिश की संभावना, IMD की चेतावनी

 
होली पर पश्चिमी विक्षोभ का असर! अगले 96 घंटों में इन जिलों में बारिश की संभावना, IMD की चेतावनी

जोधपुर न्यूज़ डेस्क - राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। दरअसल, मौसम विभाग के अनुसार 13 से 16 मार्च के बीच प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी भागों में बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और बिजली गिरने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मेघगर्जन और बिजली गिरने का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 और 15 मार्च को अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जोधपुर, नागौर और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दोपहर बाद बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग और जोधपुर क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना है। 

यहां होगी बारिश 
विभाग ने 13 से 16 मार्च के दौरान जयपुर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। अगले 48 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है और 14 मार्च से इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। 12 मार्च को बाड़मेर और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री (सामान्य से 6-7 डिग्री अधिक) दर्ज किए जाने की संभावना है।

हीटवेव अलर्ट 
विभाग ने आज 12 मार्च को बाड़मेर और जालोर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 41.2 डिग्री (सामान्य से 7.07 डिग्री सेल्सियस अधिक) दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान संगरिया में 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।