Aapka Rajasthan

गजेंद्र सिंह शेखावत तीसरी बार मंत्री बने, BJP कार्यकर्ताओ में ख़ुशी का माहौल

 
गजेंद्र सिंह शेखावत तीसरी बार मंत्री बने, BJP कार्यकर्ताओ में ख़ुशी का माहौल 

जोधपुर न्यूज़ डेस्क, जोधपुर से तीसरी बार सांसद चुने गए गजेन्द्रसिंह शेखावत ने तीसरी बार मंत्रिमंडल में शपथ ग्रहण की। इससे पहले वे एक बार राज्यमंत्री व एक बार कैबिनेट में मंत्री रह चुके हैं। इस बार राजस्थान से भाजपा की सीटें कम हुईं, लेकिन मंत्रियों की संख्या बढ़ गई। शेखावत एक कुशल वक्ता के साथ राजपूत समाज के प्रमुख चेहरे के रूप में माने जाते हैं। इसके अलावा पिछले कार्यकाल में वे पीएम नरेन्द्र मोदी व अमित शाह के करीबी रह चुके हैं। इसी कारण उनको फिर से मंत्रिमंडल में जगह मिली है। शेखावत को रविवार सुबह ही पीएमओ से फोन आया और चाय पर आमंत्रित किया। पहले से ही जोधपुर के कई भाजपा नेता वहां मौजूद थे। दोपहर को अन्य नेता भी वहां पहुंच गए और बधाई दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि जोधपुर की जनता व पीएम मोदी का आभार, जो उन्होंने इस लायक समझा। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा। देश को विकसित राष्ट्र बनाएंगे।

जातिगत समीकरण साधने जरूरी

पिछली बार भी राजस्थान से अर्जुनराम मेघवाल ने पिछड़ा वर्ग, गजेन्द्रसिंह शेखावत ने राजपूत वर्ग और कैलाश चौधरी ने जाट समाज का नेतृत्व किया था। इस बार मेघवाल व शेखावत रिपीट हैं। कैलाश चौधरी की जगह भागीरथ चौधरी को शामिल किया गया है। भूपेन्द्र यादव जो कि राज्यसभा के कोटे से थे, इस बार अलवर से जीत कर मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं।

छात्रसंघ अध्यक्ष से शुरू किया सफर

शेखावत का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से बचपन से ही जुड़ाव रहा। स्वदेशी जागरण मंच के सह संयोजक और राजस्थान के सीमा क्षेत्र में विकास के लिए समर्पित सीमा जनकल्याण समिति के महासचिव रहे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के टिकट पर 1992 में जेएनवीयू जोधपुर में छात्रसंघ अध्यक्ष का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। वर्ष 2014 में सक्रिय राजनीति में प्रवेश। जोधपुर से भाजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा। कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रेश कुमारी को 4.10 लाख वोटों से पराजित किया।

वैष्णव भी लगातार दूसरी बार मंत्रिमंडल में

प्रशासनिक सेवाओं से राजनीति में आए अश्विनी वैष्णव ने भी लगातार दूसरी बार मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में शपथ ली। वैष्णव की पढ़ाई जोधपुर में ही हुई है। उनके पिता व भाई का परिवार जोधपुर ही रहता है। पिछली मोदी सरकार में उन्होंने रेल मंत्रालय संभाला और कई बड़े बदलाव का नेतृत्व किया।

पहले दो बार मंत्री

वर्ष 2017 में पहली बार केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री का दायित्व मिला।
वर्ष 2019 में जोधपुर सीट पर फिर से लोकसभा चुनाव लड़ा और वैभव गहलोत को करीब 2.74 लाख वोटों से हराया। पहली बार जलशक्ति मंत्रालय का जिम्मा मिला।
अब 2024 में कांग्रेस के करणसिंह उचियारड़ा को 1.15 लाख वोटों से हराया।
जल-कृषि पर विशेषज्ञता
जल, पर्यावरण, इतिहास, राजनीति, विदेश नीति, कृषि आदि से जुड़े विषयों पर लंबी चर्चा कर सकते हैं। जल और कृषि पर विशेषज्ञता हासिल है। अंग्रेजी, हिन्दी मायड़ पर पकड़।