उत्तर की ठंडी हवाओं के कारण राजस्थान में फिर लौटी ठंडी, जानिए आने वाले चार दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
Mar 29, 2025, 16:15 IST

ठंडी हवा ने गर्मी से राहत दी
दिन में भी ठंडी हवा ने गर्मी से राहत दी। जोधपुर और जयपुर शहर में दिनभर बादलों की लुकाछिपी चलती रही। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 3 से 7 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री की गिरावट आई है। अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 31 मार्च से 3 अप्रैल तक बादल छाए रहने की संभावना है और 2-3 अप्रैल को उदयपुर-कोटा संभाग में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
अप्रेल में गर्मी पकड़ेगी रफ्तार
अगले 24 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने के आसार हैं तथा इसके बाद 3-4 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में 3 अप्रेल को तापमान 40 डिग्री तथा 5-6 अप्रेल को 42 डिग्री से अधिक पहुंचने की प्रबल संभावना है। उधर, जोधपुर में दिन का तापमान 32.3 डिग्री रहा, जो पांच दिन में सात डिग्री गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। अगले सप्ताह के मध्य में फिर गर्मी बढ़ेगी तथा पारा 40 के पार हो जाएगा।
सूर्यनगरी में बीती रात से ही ठंडी हवाएं चलने लगी थी। करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने सर्दी का अहसास कराया। दोपहर में भी पारा 32.3 डिग्री रहा, जबकि पांच दिन पहले तापमान चालीस डिग्री के करीब 39.3 डिग्री पर पहुंच गया था।