राजस्थान में दहेज की भेंट चढ़ी एक और जिंदगी! ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर मां ने लगाई फांसी

जोधपुर न्यूज़ डेस्क - में एक विवाहिता ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता ससुराल वालों की प्रताड़ना और घरेलू कलह से परेशान थी। उसके दो साल के बेटे को भी सास-ससुर ने अपने बड़े बेटे और बहू को दे दिया था। वे उसे दहेज के लिए भी प्रताड़ित करते थे। इसके बाद विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। मायके पक्ष ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया और शव उठाने से इनकार कर दिया। आज एमजीएच मोर्चरी पर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने समझाइश कर मृतका के पति और ससुर को हिरासत में ले लिया। इसके बाद वे पोस्टमार्टम कराने को राजी हुए। घटना माता का थान थाना क्षेत्र की है। मृतका ने पहले घरेलू हिंसा की शिकायत की थी। माता का थान एसएचओ भंवर सिंह जाखड़ ने बताया- विवाहिता ममता गौड़ ने ससुराल में आत्महत्या कर ली है। उसका पति कर्नाटक में प्राइवेट नौकरी करता है। घटना की सूचना मिलने पर वह जोधपुर आया। पति वासुदेव गौड़ व ससुर सुरेश गौड़ को हिरासत में लिया गया है।
मामले में मृतका के भाई बनाड़ के नांदड़ा खुर्द स्थित करणी विहार कॉलोनी निवासी हनुमान प्रसाद गौड़ (वकील) पुत्र बाबूलाल ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया- उसकी बहन ममता की शादी वर्ष 2021 में माता का थान के पास मदेराना कॉलोनी में रहने वाले वासुदेव गौड़ से हुई थी। वासुदेव कर्नाटक में प्राइवेट नौकरी करता है।शादी के बाद ममता ने एक बेटे को जन्म दिया। वहीं, ससुर सुरेश गौड़, सास लक्ष्मी, देवर विमल व ननद पुष्पा उसे परेशान कर रहे थे। वर्ष 2023 में ममता ने पुलिस कंट्रोल रूम में दो बार घरेलू हिंसा की शिकायत भी की थी। तब पुलिस ने ससुराल वालों को समझाइश करते हुए चेतावनी दी थी।
दो साल के बेटे को छीना, पति को धमकाया
रविवार (23 मार्च) को ससुराल वालों ने ममता के दो साल के बेटे को चुराकर बनाड़ में रहने वाले उसके देवर विमल को दे दिया। ममता ने इसकी शिकायत अपने पति वासुदेव से की। पति ने ममता को धमकाया। इससे वह इतनी आहत हुई कि 24-25 मार्च की रात करीब 3 बजे उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।ससुराल वालों ने अगले दिन सुबह 8:30 बजे ममता के चचेरे भाई अभिषेक को फोन किया। उन्होंने कहा- तुम्हारी बहन सुबह 3 बजे से दरवाजा नहीं खोल रही है। अभिषेक ममता के ससुराल पहुंचा। किसी अनहोनी की आशंका होने पर उसने हमें फोन किया। इसके बाद हम चाचा के साथ ममता के ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर ससुराल वालों ने हमारे साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया।
उसने मां से कहा था- मैं तंग आ गई हूं, मर जाऊंगी
भाई ने बताया कि बहन के ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। आत्महत्या से एक दिन पहले भी उसने मां को फोन कर कहा था कि वे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देते हैं। बार-बार दहेज के लिए परेशान करते रहते हैं। मैं तंग आकर मर जाऊंगी। दो साल पहले भी ससुराल वालों ने बाइक मांगी थी। बहन का घर बसाना था। इसी वजह से मांग पूरी करते हुए बाइक दिलवाई थी। इसके बाद भी उनकी मांग बढ़ती गई।
पति और ससुर हिरासत में
ममता के मायके वालों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव लेने से इनकार कर दिया। पुलिस ने उसके पति वासुदेव को हिरासत में ले लिया लेकिन मायके वाले अपनी मांग पर अड़े रहे। बुधवार को पुलिस ने उसके ससुर को भी हिरासत में ले लिया और अन्य आरोपियों के बारे में विस्तृत जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर वे माने। फिर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।