Aapka Rajasthan

लोकतंत्र की हत्या वाले बयान पर Amit Shah ने राहुल गांधी को दिया करार जवाब, कहा उनकी दादी ने ...

 
लोकतंत्र की हत्या वाले बयान पर Amit Shah ने राहुल गांधी को दिया करार जवाब, कहा उनकी दादी ने ...

जोधपुर न्यूज़ डेस्क, केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सोमवार को जोधपुर के राजस्थान के शक्ति केंद्र में प्रमुख सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र की हत्या पर बोलने का अधिकार नहीं है। अमित शाह ने कहा, "नरेंद्र मोदी ने देश को सुरक्षित किया है। कांग्रेस के जमाने में 10 साल मनमोहन सिंह की सरकार थी। आए दिन बम धमाके होते थे। पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया आकर बम धमाके कर भाग जाते थे। कोई ठौर ठिकाना नहीं था। मोदी आए पाकिस्तान के आतंकवादियों को लगा अब भी कर सकते हैं। गलती कर दी। उरी और पुलवामा में बम धमाके किए। हमारे सेना और सीआरपीएफ के जवानों पर हमला किया। उनको मालूम नहीं था कि नरेंद्र मोदी की सरकार है। 10 दिन में सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया।"

घमंडिया गठबंधन को सिर्फ अपने परिवार की चिंता

गृह मंत्री ने कहा, "किससे मुकाबला है। ये परिवारवादी घमंडिया गठबंधन से, जिनको अपने परिवार के अलावा किसी की चिंता नहीं है। गहलोत का एक ही लक्ष्य है बेटे को मुख्यमंत्री बनाना। सोनिया राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। लालू यादव बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। उद्धव ठाकरे बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। ममता बनर्जी भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं। स्टालिन बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। जो बेटा-बेटी-बहू की सोचे वो भारत के युवाओं का नहीं सोच सकते।"

अमित शाह ने कहा, "कल इन्होंने (विपक्ष) कहा, लोकतंत्र बचाओ। क्यों भाई क्या हो गया है लोकतंत्र को? इस देश की जनता वोट डालने वाली है। तय करेगी। आप काहे को लोकतंत्र बचाने की बात कर रहे हो, कह रहे हैं हमारे नेता जेल में गए। 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले करेंगे तो जेल में जाएंगे या नहीं। राहुल बाबा सुन लो, क्यों फरियाद कर रहे हो। हमने 2014 में भी किया, 2019 में भी किया, कहकर चुनाव लड़े थे कि जो भ्रष्टाचार करेगा उसे जेल में डालेंगे। यहां पर भी पेपर लीक में जिन्होंने भ्रष्टाचार किया, हमारे भजन लाल ने चुन-चुनकर जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम किया। ये लोकतंत्र बचाने की बात करते हैं। राहुल बाबा आपकी दादी ने इमरजेंसी में लाखों लोगों को जेल में डाल दिया था। राजनीतिक पार्टियों पर प्रतिबंध लगाया था। आपको लोकतंत्र पर बात करने का कोई अधिकार नहीं है।"