Aapka Rajasthan

टैक्स चोरी पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, नवलगढ़ में 2 बसें और हाइड्रा क्रेन जब्त

 
टैक्स चोरी पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, नवलगढ़ में 2 बसें और हाइड्रा क्रेन जब्त

जिला परिवहन विभाग ने बकाया टैक्स वसूली को लेकर जिले में विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को नवलगढ़ क्षेत्र में परिवहन विभाग की टीम ने टैक्स चोरी के आरोप में 2 निजी बसों और एक हाइड्रा क्रेन को जब्त किया है। इस कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की टीम ने अभियान के तहत नवलगढ़ क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान जिन वाहनों पर लंबे समय से टैक्स बकाया था और दस्तावेज अधूरे पाए गए, उनके खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई। जांच के दौरान दो निजी बसों और एक हाइड्रा क्रेन के मालिकों द्वारा टैक्स जमा नहीं कराने का मामला सामने आया, जिस पर विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान एक बस को बीच सड़क पर ही रुकवाकर जब्त किया गया, जिससे कुछ समय के लिए वहां यातायात भी प्रभावित हुआ। परिवहन विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बस को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवाया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने वाहन मालिकों को बकाया टैक्स जमा कराने के निर्देश भी दिए।

परिवहन अधिकारियों ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार बकाया टैक्स वसूली को लेकर जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। जिन वाहन मालिकों ने लंबे समय से टैक्स जमा नहीं कराया है, उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग का मुख्य उद्देश्य राजस्व की वसूली सुनिश्चित करना और नियमों का पालन कराना है।

उन्होंने बताया कि जब्त किए गए वाहनों को तब तक रिलीज नहीं किया जाएगा, जब तक संबंधित वाहन मालिक बकाया टैक्स और जुर्माना जमा नहीं करा देते। साथ ही भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के बाद वाहन संचालकों में हड़कंप का माहौल है। विभाग ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने वाहनों का टैक्स जमा कराएं और सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।

गौरतलब है कि टैक्स चोरी के मामलों में परिवहन विभाग समय-समय पर इस तरह के अभियान चलाता रहता है, जिससे नियमों की पालना सुनिश्चित हो सके और सरकारी राजस्व की हानि को रोका जा सके।