Jhunjhunu सर्दियों में 0 से कम, गर्मियों में 49 पार जिला मुख्यालय पर नहीं है मौसम केंद्र
झुंझुनू न्यूज़ डेस्क, झुंझुनू राजस्थान के अनेक जिलों में पौष माह में तापमान माइनस में पहुंच जाता है तो जेठ की तपती दोपहरी में पारा 49 डिग्री से ज्यादा चला जाता है। मौसम का इतना परिवर्तन अन्य राज्यों में कम ही देखने को मिलता है। इसके बावजूद झुंझुनूं और सीकर जिला मुख्यालयों पर मौसम विभाग का केंद्र नहीं है। सीकर व झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर मौसम विभाग का अधिकृत केन्द्र नहीं होने से मौसम की सटीक जानकारी नहीं मिल पा रही है। शेखावाटी में तीन जिले चूरू, झुंझुनूं, सीकर हैं। जहां पर केवल चूरू जिला मुख्यालय पर मौसम विभाग का खुद का केंद्र है। झुंझुनूं जिले के पिलानी में निजी परिसर में लगे केन्द्र को ही मौसम विभाग ने अधिकृत कर रखा है। झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर कोई केंद्र नहीं। ऐसे ही सीकर जिले में मौसम विभाग का अधिकृत केंद्र नहीं है, यहां पर मौसम की जानकारी कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर से जुटाई जा रही है।
झुंझुनूं में 15 साल पहले स्थापित किया गया था मौसम केंद्र
झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर 15 साल पहले मौसम विभाग ने केंद्र स्थापित किया था। इसे तहसील परिसर में साक्षरता कार्यालय के सामने लगाया गया था। स्थापित करने के कुछ साल तक तो यह सही चला। लेकिन बाद में यह खराब हो गया। जिसे अभी तक ठीक नहीं किया गया है। अगर इसे ठीक कर दिया जाए तो जिला मुख्यालय पर मौसम की सटीक जानकारी मिल सकती है। क्योंकि जिला मुख्यालय झुंझनूं समेत आस-पास के मौसम और पिलानी के बीच की दूरी काफी है और मौसम भी एक जैसा नहीं रहता है।
बिना केंद्र के मौसम का सही आंकलन नहीं किया जा सकता
जिला मुख्यालय पर मौसम केंद्र नहीं होने की वजह से एनवायरमेंट का पता नहीं लगाया जा सकता है। पूरे जिले का आंकलन पिलानी मौसम केंद्र से होता है। जिला मुख्यालय से पिलानी की दूरी करीब 50 किलोमीटर है। इससे जिला मुख्यालय व इसके नजदीक क्षेत्रों की मौसम की वास्तिवक स्थिति पता नहीं चल पाती है। अगर किसान बदलते मौसम से अपनी फसलों को बचाने के लिए कोई कार्य करना चाहे तो नहीं कर सकते हैं। क्योंकि उन्हें पहले पता ही नहीं चल पाता है कि एनवायरमेंट की क्या स्थिति है। यहां पर मौसम केंद्र हो तो किसान तापमान के उतार चढ़ाव का ध्यान रखते हुए फसलों की बुवाई कर सकते हैं। इसके अलावा आमजन भी मौसम की स्थिति के अनुसार अपने कामकाज को कर सकता है, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकता है।
