Aapka Rajasthan

Jhunjhunu पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज हत्या करने का आरोप

 
Jhunjhunu पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज हत्या करने का आरोप

झुंझुनू न्यूज़ डेस्क, शहर की खेतड़ी रोड निवासी विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। पीहर पक्ष ने मृतका के पति सोनू समेत अन्य के खिलाफ हत्या या आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका भारती के भाई रेवाड़ी (हरियाणा) निवासी गोविंद ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन भारती की शादी 2009 में पूजनवास, महेंद्रगढ़ (हरियाणा) हाल खेतड़ी रोड, चिड़ावा निवासी सोनू के साथ हुई थी। उसे ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। 5 मई को भारती के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इस पर भारती अपने पीहर रेवाड़ी चली गई। बाद में 2 जून को उसके ननदोई संजय और ननद रोशनी, विमला ने भविष्य में मारपीट नहीं करने की जिमेदारी लेते हुए उसे वापस ससुराल ले गए। लेकिन फिर से उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आठ जून को भारती ने फोन पर मारपीट की जानकारी दी। रात को नौ बजे ससुराल पक्ष के लोगों ने भारती के आत्महत्या करने की सूचना दी।

पति की जमानत में की थी मदद

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि करीब दो साल पहले सोनू ने हरियाणा के एक विद्यालय में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। मामले में सोनू को पॉक्सो एक्ट में जेल भी जाना पड़ा। इस दौरान सोनू के ससुराल पक्ष ने जमानत व कानूनी खर्च के लिए उसकी मदद की थी। सोनू हरियाणा के भिवानी में पढ़ाता था। भारती भी निजी विद्यालय में पढ़ाती थी। उनके एक बेटा है। परिजन ने सोनू पर किसी महिला से अवैध संबंध होने के भी आरोप लगाए हैं।

नौ जनों के खिलाफ प्रताड़ित करने के आरोप

पति सोनू, ससुर रामरतन, जेठ सतीश, जेठानी सुमन, देवर राजेश, दिनेश, देवरानी रश्मि, प्रिया और सास सुमित्रा के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। डीएसपी विकास धींधवाल ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।