Aapka Rajasthan

Jhunjhunu में दहेज हत्या के आरोप में मामला दर्ज, पीहर पक्ष पर आरोप

 
Jhunjhunu में दहेज हत्या के आरोप में मामला दर्ज, पीहर पक्ष पर आरोप

झुंझुनू न्यूज़ डेस्क, मांगलियावास के निकट केसरपुरा गांव में गुरुवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह कमरे में फंदे पर लटकी मिली। पीहर पक्ष ने विवाहिता के पति व ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मांगलियावास थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव पीहर पक्ष के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार झुंझुनूं के छापोला निवासी रतन पुत्र नारायण राव ने रिपोर्ट दी कि उसकी बहन सुमन कंवर का विवाह 2014 में केसरपुरा ठाकुरों की ढाणी निवासी जितेंद्र राव के साथ हुआ। विवाह के बाद उसकी बहन ने पुत्र-पुत्री को जन्म दिया। कुछ समय बाद सुमन कंवर को पति जितेन्द्र, जेठ राजू, सास, ननदोई समरसिंह, ननद नीतू कंवर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते आ रहे थे। पूर्व में कई बार पीहर पक्ष ने सुमन के ससुराल पक्ष से समझाइश की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।

रतन सिंह ने बताया कि उसके पास बुधवार को अजमेर तोपदड़ा निवासी प्रताप सिंह का कॉल आया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज को लेकर सुमन की बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। सूचना पर वह रिश्तेदारों के साथ केसरपुरा के ठाकुरों की ढाणी पहुंचा। सुमन का शव देखा तो शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे। थानाधिकारी सुनिल ताड़ा ने बताया कि मृतका के भाई रतन सिंह की रिपोर्ट पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।

फांसी लगाकर की आत्महत्या

मृतका के पति जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी सुमन कंवर की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। उसका इलाज चल रहा था। बुधवार रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह फैक्ट्री में काम करने गया था। पीछे बच्चे व अन्य परिजन घर पर थे। उसके 8 साल के बेटे ने मां को फंदे पर लटकता देख परिजन को बताया। उन्होंने उसे फंदे से उतारकर चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।