जॉइन करते ही एक्शन में SP कावेंद्र सिंह सागर, थानों और बॉर्डर नाकों का किया निरीक्षण
जिले में नए पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने कार्यभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाए हैं। जॉइनिंग के तुरंत बाद ही वे एक्शन मोड में नजर आए और जिले के करीब एक दर्जन पुलिस थानों, डीएसपी कार्यालयों तथा हरियाणा सीमा से सटे संवेदनशील नाकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ संकेत दिए कि हरियाणा सीमा से होने वाली अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, एसपी ने विशेष रूप से अवैध शराब, पेट्रोल-डीजल की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमा क्षेत्रों पर निगरानी और चौकसी बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए।
एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने यह भी कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड मेंटेनेंस और लंबित मामलों की भी समीक्षा की। साथ ही आमजन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया।
एसपी के इस सख्त रुख से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
