Aapka Rajasthan

राजस्थान के इस लॉ कॉलेज में मूलभूत सुविधाएं तक नहीं! फैकल्टी की कमी से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित, क्या कर रहा प्रशासन ?

 
राजस्थान के इस लॉ कॉलेज में मूलभूत सुविधाएं तक नहीं! फैकल्टी की कमी से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित, क्या कर रहा प्रशासन ?

झालावाड़ के मुंडेरी स्थित लॉ कॉलेज में विद्यार्थी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 2005 में बने इस कॉलेज के भवन को 2021 में स्वतंत्र कॉलेज के रूप में सौंप दिया गया, लेकिन आज तक इसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। कॉलेज भवन की रंगाई-पुताई भी नहीं हुई है।

स्टाफ के स्वीकृत आठ पदों में से मात्र तीन कर्मचारी ही कार्यरत हैं। दो शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर हैं। फैकल्टी की कमी से शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। कॉलेज में मूट कोर्ट की सुविधा नहीं है। इससे विद्यार्थियों को कोर्ट की कार्यवाही की व्यावहारिक जानकारी नहीं मिल पा रही है। लाइब्रेरी, लाइब्रेरियन, वाचनालय और कंप्यूटर लैब जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।

स्थायी मान्यता नहीं होने से कॉलेज को हर बार नए सत्र के लिए अनुमति लेनी पड़ती है। 2024-25 सत्र में प्रवेश में देरी हो रही है। अंबेडकर विश्वविद्यालय द्वारा लागू सेमेस्टर प्रणाली के तहत हर 6 माह में परीक्षाएं होनी चाहिए, लेकिन यह भी समय पर नहीं हो पा रही है। प्रवेश प्रक्रिया नवंबर 2024 में पूरी होनी थी।