Jhalawar पश्चिमी विक्षोभ से हवा की रफ्तार थमी, पारा भी चढ़ा
झालावाड़ न्यूज़ डेस्क, झालावाड़ प्रदेश में बीकानेर संभाग के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, इसका असर से हमारे यहां भी दिन में हवा की रफ्तार थम गई है। धूप में तेजी के कारण तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक हो गया है। इससे सर्दी से राहत मिली है। हालांकि कमजोर विक्षोभ होने से बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में सुबह शाम कोहरे के साथ सर्दी रहेगी। मौसम केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शहर में शुक्रवार सुबह तो कोहरा छाया हुआ था और सर्द हवाएं भी चल रही थी। साढ़े 8 बजे ही धूप खिलने से कोहरे का असर ज्यादा देर तक नहीं रहा। 10 बजे तक हवा चलने से गलन बनी रही, लेकिन जैसे-जैसे धूप में तेजी आती गई, हवा की रफ्तार भी थम गई और सर्दी का असर भी कम होता गया। दोपहर में लोगों को सर्दी से राहत मिली, लेकिन शाम होते ही एक बार फिर 6 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने से सर्दी का असर तेज हो गया।
रात का पारा 10 डिग्री से कम होने के कारण आगामी दिनों में भी शाम होते ही सर्दी का असर तेज रहेगा। आगे क्या... कमजोर पश्चिमी विक्षोभ, बादल छाए रहेंगे मौसम केंद्र जयपुर के वैज्ञानिक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बीकानेर संभाग के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कोटा संभाग पर कम है, ऐसे में आगामी तीन दिन बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। 15 जनवरी या इसके बाद पूर्वी राजस्थान में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, इससे फिर बादल छाएंगे। पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की रफ्तार कम होने से दिन-रात का तापमान भी प्रभावित हुआ।