Aapka Rajasthan

Jhalawar भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले, देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आये

 
Jhalawar भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले, देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आये 

झालावाड़ न्यूज़ डेस्क, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी दुष्यन्त सिंह के पक्ष में यहां प्रवीण शर्मा क्रिकेट मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास युक्त और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार के कारण बदलता भारत नजर आ रहा है। गांवों की तस्वीर बदल गई है। देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए है। 18 हजार गांवों में बिजली पहुंच गई। साढ़े तीन लाख गांव सड़क से जुड़ गए। पांच लाख गांव खुले में शौच मुक्त हो गए। गांवों में 12 करोड़ शौचालय बने है। देश की अस्सी करोड़ जनता को निशुल्क अन्न योजना का लाभ मिल रहा है। 4 करोड़ कच्चे घर पक्के हो गए। राजस्थान में ऐसे 20 लाख घर है। नड्डा ने कहा कि आज दलितों की योजना का बजट तीन गुना बढ़ा दिया गया है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं बनाई गई। उज्जवला योजना में दस करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए।

2029 में 33 फीसदी महिलाएं सदन में होंगी

नड्डा ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित किया गया। अब 2029 के चुनाव में लोकसभा में 33 फीसदी महिला सदस्य होगी। देश में 11.74 करोड़ किसानों को हर चौथे माह दो हजार की आर्थिक निधि दी जा रही है। देश में सड़क, रेल,चिकित्सा सुविधाएं बढ़ी है। राजस्थान में अब 23 मेडिकल कालेज हो गए हैं। लोगों को अब बदलते भारत को समझने की जरूरत है।

देश को आगे ले जाना है

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि झालावाड़ की जनता ने हमारी तीन पीढियां को प्यार दिया है। हमने यहां मेडिकल, इंजीनियरिंग व हॉर्टिकल्चर कॉलेज खोले हैं। झालावाड़ और बारां में सिंचाई के लिए बांधों का एक पूरा नेटवर्क तैयार है। अब मोदी के नेतृत्व में देश को आगे ले जाना है। प्रत्याशी दुष्यंत सिंह ने कहा कि हम क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पित हैं। यहां पिछले सालों में हर क्षेत्र में विकास हुआ है।

तेज गर्मी में डटे रहे

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के करीब सवा दो घण्टे देरी से पहुंचने के बावजूद तेज गर्मी में कार्यकर्ता डटे रहे। पूरा पांडल खचाखच भर गया। उनके लिए कूलर और पानी की व्यवस्था की गई। सभा को विधायक गोविन्द रानीपुरिया, कालूराम मेघवाल,कंवरलाल मीणा, प्रतापसिंह सिंघवी, पूर्व विधायक नरेन्द्र नागर,छगन माहूर,श्याम सुन्दर शर्मा,पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन ने भी सम्बोधित किया।