Aapka Rajasthan

भारी बारिश से तबाही! झालावाड़ का एक गाँव डूबा तो दूसरा बना टापू, नजारा देख ग्रामीणों भी बोले - 'ऐसा नहीं देखा कभी....'

 
भारी बारिश से तबाही! झालावाड़ का एक गाँव डूबा तो दूसरा बना टापू, नजारा देख ग्रामीणों भी बोले - 'ऐसा नहीं देखा कभी....'

झालावाड़ जिला मुख्यालय समेत जिले के सभी कस्बों में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण जिले की सभी नदियां उफान पर हैं, वहीं कई बांधों के गेट भी पानी निकालने के लिए खोले जा रहे हैं।

बांधों के गेट खोले गए
उधर, बारिश के कारण कालीसिंध बांध के 2 गेट, छापी बांध के 2 गेट और भीमसागर बांध के 2 गेट पानी निकालने के लिए खोले जा रहे हैं। वहीं, भीमसागर बांध के गेट खोलने से उजाड़ नदी उफान पर आ गई है। जिससे खानपुर क्षेत्र का पखराना गांव टापू में तब्दील हो गया है। गांव के चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है, वहीं पखराना की पुलिया पर 7 फीट पानी आ गया है, जिससे वहां से सड़क मार्ग से जुड़े कई गांवों का भी संपर्क टूट गया है।

स्कूल भवन तक पहुंचा पानी
पखराना गांव के स्कूल भवन तक भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है, वहीं सड़कें और खेत भी जलमग्न नजर आ रहे हैं। बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश के कारण खेतों में फसलें सड़ने लगी हैं और किसानों को फसल खराब होने की चिंता सता रही है। वहीं, पनवाड़ के पास उफनती पुलिया को पार करते समय एक ट्रैक्टर भी बीच में फंस गया, जिसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।

पिछले साल से 42 फीसदी ज्यादा बारिश

गौरतलब है कि झालावाड़ जिले में मानसून सीजन में अब तक 986 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले साल से 42 फीसदी ज्यादा है और मानसून सीजन का अभी काफी हिस्सा बाकी है। ऐसे में राजस्थान का चेरापूंजी कहे जाने वाले झालावाड़ जिले में हर तरफ पानी भरा हुआ नजर आ रहा है। जिले के सभी बड़े बांध लबालब भरे हुए हैं। वहीं, मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, ऐसे में झालावाड़ जिले के लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है।