Aapka Rajasthan

जालोर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप! पीहर पक्ष ने जताई हत्या की आशंका, ससुराल वालों पर थोपे गंभीर आरोप

 
जालोर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप! पीहर पक्ष ने जताई हत्या की आशंका, ससुराल वालों पर थोपे गंभीर आरोप 

राजस्थान के आहोर थाना क्षेत्र के चरली स्थित मकान में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मृतका के मायके वालों ने थाने में ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है। एसआई नरपत सिंह ने बताया कि चरली गांव में रेखा (38) पत्नी प्रकाश मेघवाल का शव मकान में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को आहोर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। उधर, मृतका के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन गिरफ्तार
दूसरी ओर, पुलिस ने शादी समारोह में अफीम परोसने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुरुषोत्तम पुत्र हरिराम पुरोहित निवासी वासन चौहान की बहन की शादी में शामिल होने आए मेहमानों को अफीम खिलाने की सूचना पर थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मकान पर दबिश दी। 

पुलिस टीम ने पुरुषोत्तम के मकान पर पहुंचकर शादी कार्यक्रम में आए दूल्हों को बहलाने फुसलाने वाले अजमलराम पुरोहित निवासी वासन चौहान, पुरुषोत्तम पुरोहित निवासी वासन चौहान, दयाराम पुरोहित निवासी वासन चौहान को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अफीम का दूध छानने में प्रयुक्त सफेद कपड़ा तथा अफीम का दूध जमाने में प्रयुक्त सामग्री (एक छोटी कढ़ाई, एक स्टील का जग, एक मटका तथा पांच छोटी स्टील की कटोरी) जब्त की।