Aapka Rajasthan

Jalore शोभायात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज

 
Jalore शोभायात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज
जालोर न्यूज़ डेस्क, जालोर क्षेत्र के चरली-मंडला रोड पर स्थित माधा भाखरी मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को शोभायात्रा के साथ तीन दिवसीय 1008 कुंडीय हवन व गुरू दत्तात्रेय भगवान के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। तीन दिवसीय महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। महंत सुखदेवभारती महाराज मठ थांवला-खारा के सान्निध्य में आयोजित महोत्सव के तहत शुक्रवार सवेरे क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा क्षेत्र के थांवला से प्रारंभ होकर गुड़ा बालोतान, बिठुड़ा, चांदराई चौराहा, उखरड़ा, मंडला, आकोरापादर, शंखवाली, जोगावा, खारा, आहोर, चरली से होते हुए महोत्सव स्थल माधा भाखरी पहुंचकर विसर्जित हुई। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। आहोर शहर में व्यापार संघ समेत श्रद्धालुओं की ओर से पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

आयोजित होंगे विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम

तीन दिवसीय महोत्सव के तहत शनिवार को 1008 कुंडीय हवन का शुभारंभ होगा। सुबह 8 से 12 बजे तक हवन तथा दोपहर दो बजे से शाम 7 तक शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। रविवार को सवेरे 7.15 बजे से संतों का आगमन एवं स्वागत एवं रात्रि 8 बजे भक्ति संध्या का आयोजन होगा। सोमवार को सवेरे 9 बजे से गुरू दत्तात्रेय भगवान के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं दोपहर 12.30 बजे से महाप्रसादी का आयोजन होगा।