उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने किया भीलड़ी–जोधपुर रेलखंड का निरीक्षण, जालोर स्टेशन का लिया जायजा
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने गुरुवार को भीलड़ी–समदड़ी–लूणी–जोधपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जालोर रेलवे स्टेशन का भी दौरा कर नवनिर्मित स्टेशन भवन और यात्री सुविधाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, प्लेटफॉर्म व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति और भविष्य की योजनाओं को लेकर जानकारी भी ली।
अमिताभ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता होनी चाहिए, इसलिए सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं।
उन्होंने जालोर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की सराहना की, साथ ही कहा कि क्षेत्र में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण से यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर महाप्रबंधक को अवगत कराया।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस निरीक्षण का उद्देश्य यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाना तथा चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाना है।
