Aapka Rajasthan

Jalore चतुर्विध संघ के साथ राज दरबार में मनाया गया मेरु महोत्सव

 
Jalore चतुर्विध संघ के साथ राज दरबार में मनाया गया मेरु महोत्सव
जालोर न्यूज़ डेस्क, जालोर भांडवपुर महातीर्थ में चल रही 16 दिवसीय तत्वत्रयी प्रतिष्ठा महामहोत्सव के तहत रविवार को मेरू महोत्सव, इंद्राणी की ओर से अभिषेक समेत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। साथ ही महोत्सव के तहत दीक्षार्थी भव्याकुमारी, निमाबेन देसाई, मुमुक्षु रविनाकुमारी सोलंकी का भांडवपुर पहुंचने पर स्वागत किया गया। प्रतिष्ठा महामहोत्सव तहत क्षत्रियकुण्ड नगरी में नित्यसेनसूरिश्वर महाराज के मंगलाचरण के साथ जयरत्नसूरिश्वर महाराज, प्रद्युम्नविमलसूरिश्वर महाराज, नरेन्द्रसूरिश्वर महाराज समेत साधु-साध्वियों के सान्निध्य में मेरु महोत्सव के तहत सौधर्म इन्द्र सहित 64 इन्द्रों की ओर से चतुर्विध संघ के साथ शोभायात्रा क्षत्रियकुण्ड नगरी से नृत्य करते हुए मेरु पर्वत जाकर भावपूर्वक मेरू महोत्सव मनाया। तीर्थ परिसर में बनाए गए मेरु पर्वत पर इन्द्र-इन्द्राणी द्वारा 250 अभिषेक किए गए। जिसमें हरिणगमैषी इन्द्र बनने का लाभ अशोककुमार जेठमल बागरेचा ने, अच्युतपति इन्द्र बनने का लाभ हस्तीमल गणेशमल कंकूचौपड़ा ने, ईशान इन्द्र का लाभ बाबूलाल वस्तीमल रणछोड़ बागरेचा ने एवं कुबेर देव बनने का लाभ महेन्द्रकुमार जेठमल भण्डारी ने लिया।

हुए अठारह अभिषेक

रविवार दोपहर में प्रभु के अठारह अभिषेक संगीत की स्वरलहरियों के साथ किया गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिलीप बाफना ने भक्तिरस बरसाते हुए सभी गुरुभक्तों को आनंदित कर दिया। राजपरिवार में बने कलाकारों को सजाने-संवारने का कार्य सुनिता गोधा नीमच ने किया। महोत्सव आंठवे दिन सोमवार को तीर्थ परिसर में भगवान का नामकरण, पाठशालागमन कार्यक्रम का सजीव मंचन राजदरबार में होगा। दोपहर में श्रीजिनेन्द्र पंचकल्याणक पूजा लाभार्थी परिवार की ओर से की जाएगी।प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत प्रतिदिन नयनाभिराम रंगोली, चित्र प्रदर्शनियां, गुफा में महावीरस्वामी एवं राजेन्द्रसूरि की चित्र प्रदर्शनी जगच्चन्द्रविजय महाराज के निर्देशन में बनाई गई। यह प्रदर्शनी आकर्षण का विशेष केंद्र बनी हुई है।