राजस्थान के इस जिल में लेपर्ड ने मचाया कोहराम! 20 मिनट में 2 लोगों पर किया हमला, दोनों की हालत बेहद नाजुक

जालोर न्यूज़ डेस्क - जालोर में एक तेंदुए ने रिहायशी इलाके में घुसकर एक महिला समेत 2 लोगों पर हमला कर दिया। दोनों को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया है। वन विभाग की टीम ने घर को चारों तरफ से घेर लिया है। घटना जालोर के नौसरा (आहोर) इलाके की है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गांव के बच्चे, बूढ़े और जवान जगह-जगह लाठियां लेकर समूहों में नजर आ रहे हैं। जोधपुर से बुलाई गई रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को पकड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। वन विभाग की टीम भी मौके पर है और हालात पर नजर रख रही है। सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे नौसरा के कोटडा गांव के चेलाराम सरगरा (63) खेत में अरंडी की फसल की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से आए एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। महज 20 मिनट के अंदर तेंदुए ने एक अन्य व्यक्ति को भी घायल कर दिया। तेंदुए ने चेलाराम के सिर पर पंजा मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर तेंदुआ भाग गया। परिजन और ग्रामीण तुरंत चेलाराम को आहोर के सरकारी अस्पताल ले गए और वन विभाग को सूचना दी।
महिला को 16 टांके आए
चेलाराम पर हमला करने के करीब 20 मिनट बाद तेंदुआ कोटड़ा गांव में वजाराम की पत्नी लीला देवी (58) के घर में घुस गया। लीला देवी आंगन में घरेलू काम कर रही थी। तेंदुए ने लीला पर हमला कर दिया। उसके चेहरे, पैर और पीठ पर पंजे मारे। हमले के बाद बदहवास लीला भी चीखने लगी। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर की ओर दौड़े। इसी बीच तेंदुआ लीला के घर के एक कमरे में घुस गया। शोर के बीच तेंदुआ कमरे में चारपाई के नीचे बैठ गया। ग्रामीणों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। घायल लीला को भी आहोर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे 16 टांके आए हैं। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घर को चारों तरफ से घेर लिया है। फिलहाल रेस्क्यू के प्रयास किए जा रहे हैं। जालोर डीएफओ जयदेव सिंह चारण ने बताया- जोधपुर से रेस्क्यू टीम बुलाई गई है।
भाद्राजून में 3 मार्च को मिले थे तेंदुए के पग निशान
भाद्राजून वन विभाग नाका प्रभारी संतोष राठौड़ ने बताया- 3 मार्च से भाद्राजून के बाला गांव के आसपास जंगल में अलग-अलग जगह तेंदुए के पग निशान देखे गए थे। इसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर जालोर वन विभाग की टीम पहुंची और पग निशानों की जांच की। जोधपुर से आई रेस्क्यू टीम ने 3 मार्च को क्षेत्र में एक कुत्ते को पिंजरे से बांधा था और चारों तरफ जाल भी लगाया था। लेकिन तेंदुआ पिंजरे में नहीं फंसा। इस घटना के बाद अब बाला गांव के पास कोटडा गांव में तेंदुए ने 2 लोगों को घायल कर दिया है। हालांकि अभी यह नहीं कहा जा सकता कि यह वही तेंदुआ है या कोई और। पाली में तेंदुए ने एक युवक की गर्दन तोड़कर उसे मार डाला। तेंदुए ने युवक पर पीछे से हमला किया। उसकी गर्दन को जबड़े में जकड़ लिया और गुफा की ओर खींचकर ले जाने लगा। इस दौरान युवक के पिता भी वहीं थे।