Aapka Rajasthan

Jalore सचिन पायलट बोले- डबल इंजन सरकार फेल, जनता ने भाजपा को नकारा

 
Jalore सचिन पायलट बोले- डबल इंजन सरकार फेल, जनता ने भाजपा को नकारा
जालोर न्यूज़ डेस्क, जालोर  पूर्व डिप्टी सीएम व प्रदेश कांग्रेस सचिव सचिन पायलट एक दिन के दौरे पर शुक्रवार को भीनमाल के दासपा गांव पहुंचें। यहां उन्होंने भीनमाल विधायक डॉ. समरजीत सिंह की मां जसवंत कंवर के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ बाड़मेर के नवनिर्वाचित सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं व जनता ने उनका स्वागत किया। प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम व कांग्रेस सचिव सचिन पायलट सुबह 10 बजे जयपुर से कार द्वारा रवाना होकर एक दिवसीय दौरे पर जालोर जिले के भीनमाल के दासपा गांव पहुंचें। जहां उन्होंने भीनमाल विधायक समरजीत सिंह की मां जसवंत कंवर की शोक सभा में भाग लिया और उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि इस बार जनता ने स्पष्ट जनादेश किसी को भी नहीं दिया है। मिली-जुली सरकार बनेगी, जनता ने सरकार और भाजपा के खिलाफ जनादेश दिया है। भाजपा को नकारा है, वहीं इंडिया गठबंधन और कांग्रेस के मेनिफेस्टो को पसंद किया है। इस बार कांग्रेस को दोगुना सीट देकर इंडिया एलाइंस पर विश्वास जताया है। पायलट ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी ने 8 सीट जीती है। वहीं हमनें राजस्थान में भाजपा को 11 सीटों पर हराया है।

4 महीने पहले राजस्थान की जनता ने भाजपा को जनादेश दिया था। भाजपा सरकार की नाकामियों की वजह से 4 महीने बाद ही कांग्रेस को जनता का विश्वास मिला है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन जयपुर में, लखनऊ में और हरियाणा में फेल हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा मंदिर, मस्जिद, हिन्दू मुस्लिम की बात करती थी और कांग्रेस पार्टी एमएसपी पर कानून बनाने की, बेरोजगारी, युवाओं को रोजगार पर बात करती हैं। पायलट ने कहा कि राजस्थान में परिणाम अच्छे आए हैं तो इसके पीछे जो श्रेय जाता है, वो हमारे कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को जाता है। उनकी मेहनत की वजह से हम जीत पाए हैं। पायलट ने कहा कि राजस्थान की सरकार को आत्मसात करने की जरूरत है, जनता ने उसे अभी झटका दिया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

सचिन पायलट का जालोर जिले में प्रवेश के साथ ही कांग्रेस नेताओं व आमजन ने जगह-जगह कार को रुकवाकर माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी, बाड़मेर जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, बायतु विधायक हरीश चौधरी, भीनमाल विधायक डॉ. समरजीत सिंह, रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी, पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई, करणसिंह उचियारड़ा, पूर्व विधायक रूपाराम, विधायक अभिमन्यु पूनिया, शमा बानो, सरोज चौधरी, बाड़मेर युवक कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी, लक्ष्मण गोदारा, सरोज चौधरी, इंद्रसिंह देवड़ा, गुमान सिंह देवड़ा, जयंतीलाल विश्नोई, योगेंद्र सिंह कुम्पावत, अजित सिंह देता, शैलेन्द्र सिंह बावतरा, देराम विश्नोई, शिवनारायण विश्नोई, गौरव सारण, जुंजाराम चौधरी, खीमाराम चौधरी व सुखराम विश्नोई, सहित बड़ी संख्या कार्यक्रर्ता मौजूद रहे।