Aapka Rajasthan

Jalore महोत्सव ने देश-विदेश में फैलायी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक ख्याति-गर्ग

 
Jalore महोत्सव ने देश-विदेश में फैलायी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक ख्याति-गर्ग

जालोर न्यूज़ डेस्क, जालोर राजस्थान के प्रसिद्ध लोक नृत्य, लोक गीत एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए उमंग एवं उत्साह के साथ शोभा यात्रा से पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन एवं जालोर विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में 10 से 12 फरवरी तक आयोजित जालोर महोत्सव का समारोहपूर्वक शुंभारंभ हुआ। जिला मुख्यालय पर धोती-कुर्ता एवं साफे में सुसज्जित पुरूष एवं रंग-बिरंगी पोशाकों में महिलाओं व बच्चों सहित बड़ी संख्या में शहरवासी शोभा यात्रा में शरीक हुए। शोभायात्रा में घोड़े, कच्छी घोड़ी, गैर नृत्य, लूर नृत्य व घुमर नृत्य करते कलाकार शोभायात्रा में विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे। राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, जिला कलक्टर निशांत जैन, व जालोर विकास समिति के सचिव मोहन पाराशर ने हरी झण्डी दिखाकर हनुमानशाला से शोभायात्रा को रवाना कर महोत्सव का आगाज किया शोभा यात्रा हनुमानशाला से हरिदेव जोशी सर्कल, अस्पताल चौराहा, राजेन्द्र नगर होते हुए स्टेडियम प्रांगण में पहुंची।

शोभा यात्रा के पबाद जालोर महोत्सव का उद्घाटन समारोह राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग के मुख्य आतिथ्य एवं जिला कलक्टर निशान्त जैन, नगर परिषद सभापति गोविंद टांक, जालोर प्रधान नारायण सिंह राजपुरोहित, अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवचरण मीना, प्रशिक्षु आईएएस दिव्यांश सिंह, मुख्य समन्वयक एवं उपखण्ड अधिकारी प्रमोद सीरवी, वरिष्ठ अधिवक्ता मधुसूदन व्यास व ग्रेनाईट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू चौधरी के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने उद्घाटन के मौके संबोधित करते हुए कहा कि जालोर महोत्सव के द्वारा जालोर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक ख्याति देश-विदेश में बढ़ी है। यह महोत्सव जालोर की प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका देता है।

उन्होंने कहा कि देशभर में अनेक महोत्सवों का आयोजन होता हैं, किन्तु जालोर महोत्सव में जालोर की जनता द्वारा महोत्सव का आयोजन करना अनूठा है। उन्होंने जालोर महोत्सव के माध्यम से जालोर के खेसला उद्योग, जूती उद्योग, ग्रेनाइट उद्योग सहित स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किये जाने की बात कही। इस मौके विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। नॉर्थ कल्चर जोन से आए पंजाबी कलाकारों ने भांगड़ा नृत्य की प्रस्तुति दी। गेरियों ने गेर नृत्य की प्रस्तुति दी। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर तीन दिवसीय जालोर महोत्सव का विधिवत् शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप सभापति अम्बालाल व्यास, जालोर महोत्सव की कोर कमेटी के पन्नालाल सोलंकी, नारायणलाल भट्ट व कानाराम परमार, परमानन्द भट्ट, महोत्सव के संयोजक रतन सुथार, सहसंयोजक रवि सोलंकी व दिलीप भट्ट समेत अन्य मौजूद रहे।