Aapka Rajasthan

मायरा में जा रहे सरकारी टीचर पति-पत्नी की एक्सप्रेसवे पर मौत, सड़क किनारे मिले कुचले हुए शव; पूर्व सांसद ने रुकवाई कार

 
मायरा में जा रहे सरकारी टीचर पति-पत्नी की एक्सप्रेसवे पर मौत, सड़क किनारे मिले कुचले हुए शव; पूर्व सांसद ने रुकवाई कार

राजस्थान के जालोर जिले में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी शिक्षक पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों बाइक से मायरा कार्यक्रम में शामिल होने अपने गांव जा रहे थे। सांचौर और देवड़ा के बीच चौरा सरहद के पास उनके क्षत-विक्षत शव सड़क किनारे पड़े मिले। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शरीर का कमर से ऊपर का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया था।

घटना का पता उस समय चला, जब पूर्व सांसद देवजी पटेल एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। सड़क किनारे शव देखकर उन्होंने अपनी कार रुकवाई और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

मोबाइल फोन से हुई मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान 43 वर्षीय राजूराम बिश्नोई और उनकी 41 वर्षीय पत्नी मंजू बिश्नोई के रूप में हुई है। दोनों सांचौर के हेमागुड़ा गांव के रहने वाले थे। शवों के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उनकी पहचान की गई।

राजूराम हाड़ेतर के सरकारी स्कूल में शिक्षक थे, जबकि उनकी पत्नी मंजू सांकड़ स्थित महात्मा गांधी सरकारी स्कूल में वरिष्ठ अध्यापक थीं। दोनों सांचौर में किराए के मकान में रहते थे।

चचेरी बहन के यहां मायरा भरने जा रहे थे

जानकारी के अनुसार, राजूराम की चचेरी बहन के यहां मायरा कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए दोनों सोमवार को बाइक से हाड़ेतर से अपने गांव हेमागुड़ा जा रहे थे। इसी दौरान सांचौर-देवड़ा के बीच भारतमाला एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया। परिवार में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं।

अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसे की आशंका

पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वाहन ने बाइक को टक्कर मारी और फिर दोनों को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक भी मिली है। पुलिस ने दोनों शवों को सांचौर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।