जालोर में कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन, केंद्र सरकार की नीतियों और ईडी कार्रवाई के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
जालोर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को शहर के शिवाजी नगर स्थित आयकर कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा- भाजपा सरकार ने राजनीतिक बदले की भावना से कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। यह गलत है। कांग्रेस प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने कहा- सुबह करीब 10 बजे सभी कांग्रेसी आयकर कार्यालय के सामने एकत्रित हुए। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष भवरलाल मेघवाल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
जिला अध्यक्ष भवरलाल मेघवाल ने कहा- केंद्र सरकार अन्यायपूर्ण और मनमाने तरीके से ऐतिहासिक नेशनल हेराल्ड की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई कर रही है। ईडी ने बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ चार्जशीट पेश कर दी है। केंद्र सरकार राजनीतिक द्वेष भावना से अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर रही है। सभी लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रख दिया गया है। विपक्ष की आवाज दबाने के लिए ईडी ने सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ चार्जशीट पेश की है। उन्होंने कहा- 1938 में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 'नेशनल हेराल्ड' अखबार शुरू किया था।
इसने देश की आजादी में अहम भूमिका निभाई थी। जब इसकी आर्थिक स्थिति खराब हुई तो कांग्रेस पार्टी ने इसे बचाने के लिए 'नो प्रॉफिट कंपनी' बनाई, जिसमें कोई व्यावसायिक लेन-देन नहीं हुआ। कोई मुनाफा नहीं कमाया गया। ईडी के जांच अधिकारियों ने इस मामले में कांग्रेस नेताओं को पहले ही क्लीन चिट दे दी थी। फिर भी केंद्र सरकार राजनीतिक बदले की भावना से गांधी परिवार और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर रही है। यह अलोकतांत्रिक है। प्रदर्शन के दौरान जिला प्रमुख भवरलाल मेघवाल, आहोर कांग्रेस प्रत्याशी सरोज चौधरी, जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत, इशरा राम विश्नोई, जुल्फिकार अली, ममता जैन, ब्लॉक अध्यक्ष भोमाराम मेघवाल, नगर प्रमुख मुमताज अली, रमेश सोलंकी, खासाराम मेघवाल, मिश्रीमल गहलोत, अनिल पंडित, देवाराम सांखला, युवा नेता सुरेश मेघवाल, इंदु परिहार, शीला चौधरी, जुबेदा नागोरी, महेंद्र सोनगरा, मोद सिंह काबावत, कृष्ण कुमार वाणिका, उम्मेद सिंह चारण, कपूरा राम परिहार, पुखराज माली, ओम प्रकाश चौधरी व हीरालाल राजपुरोहित सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।
