Aapka Rajasthan

राजस्थान की ये शादी पूरे देश में बनी चर्चा का विषय! छावनी में बदल गया पूरा गाँव, कड़ी सुरक्षा में हुए फेरे

 
राजस्थान की ये शादी पूरे देश में बनी चर्चा का विषय! छावनी में बदल गया पूरा गाँव, कड़ी सुरक्षा में हुए फेरे 

जैसलमेर न्यूज़ डेस्क -  राजस्थान के जैसलमेर में एक लड़की की शादी ने आसपास के इलाके के लोगों का खूब ध्यान खींचा। पोखरण के एक गांव में लड़की की शादी के दौरान पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। इस दौरान गांव में बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात रहे। शादी समारोह के दौरान गांव में बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों की मौजूदगी इलाके में चर्चा और कौतूहल का विषय बनी रही। फिलहाल लड़की की शादी सकुशल संपन्न हो गई और उसे उसके ससुराल भेज दिया गया है।

पिता ने पहले की सगाई तोड़ दी
दरअसल, पोखरण क्षेत्र के खेतोलाई निवासी लड़की की सगाई कुछ साल पहले भोजासर थाना क्षेत्र के रानीसर गांव में हुई थी। लड़के के खराब आचरण के कारण लड़की के पिता ने रिश्ता तोड़कर उसकी सगाई बाड़मेर के धोरीमन्ना क्षेत्र के कटारला खिलेरियां में कर दी और मार्च में शादी तय कर दी।

इसके बाद जिस लड़के से लड़की की पहले सगाई हुई थी, उसने बार-बार लड़की के परिजनों को जान से मारने और 50 लाख रुपए देने की धमकी दी। जिसके बाद लड़की की ओर से लाठी थाने में मामला दर्ज करवाया गया और पुलिस सुरक्षा की मांग की गई। शनिवार रात को पुलिस सुरक्षा में बारात काटरला खिलेरियां से खेतोलाई गांव पहुंची। लड़की के पिता के घर पर बड़ी संख्या में पुलिस और आरएसी के जवान तैनात रहे, ताकि कोई अनहोनी या घटना न हो।

पूरा गांव बना पुलिस छावनी
देर रात को सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार शादी संपन्न हुई और रविवार दोपहर को दूल्हा-दुल्हन और बारातियों को विदाई दी गई। पुलिस की ओर से पूरी सुरक्षा के लिए बारात को धोरीमन्ना के काटरला गांव पहुंचाया गया। इस दौरान खेतोलाई गांव शनिवार रात और रविवार को दिनभर पुलिस छावनी बना रहा। साथ ही यह शादी क्षेत्र में चर्चा और कौतूहल का विषय बनी रही।