राजस्थान के पोकरण में भार्गवास्त्र का सफल परीक्षण, दुश्मन के ड्रोन को रोकने में मिलेगी मदद
राजस्थान के जैसलमेर जिले के पोकरण स्थित फील्ड फायरिंग रेंज में स्वदेशी एंटी ड्रोन सिस्टम भार्गवास्त्र का सफल परीक्षण किया गया है। भारत में विकसित इस रक्षा प्रणाली को देश की स्वदेशी सैन्य तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसका उद्देश्य दुश्मन के ड्रोन से होने वाले खतरों का मुकाबला करना और सैन्य ठिकानों की सुरक्षा को मजबूत करना है।
ड्रोन हमलों का जवाब देगा भारत का भार्गवास्त्र, पोकरण में सफल परीक्षण; एक साथ कई ड्रोन को बना सकता है निशाना
राजस्थान के जैसलमेर जिले के पोकरण स्थित फील्ड फायरिंग रेंज में स्वदेशी एंटी ड्रोन सिस्टम भार्गवास्त्र का सफल विकास परीक्षण किया गया है। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) की ओर से विकसित इस सिस्टम का परीक्षण 20 से 24 नवंबर 2026 के बीच किया गया। यह भारत का पहला स्वदेशी दो-स्तरीय वाहन आधारित काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम बताया जा रहा है। इसे दुश्मन के ड्रोन और ड्रोन के झुंड से निपटने के लिए तैयार किया गया है।
आधुनिक युद्ध में ड्रोन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। दुश्मन देश बड़ी संख्या में छोटे ड्रोन एक साथ भेजकर सैन्य ठिकानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे हमलों से निपटने के लिए भार्गवास्त्र को विकसित किया गया है। इसकी खासियत यह है कि यह एक साथ कई ड्रोन को पहचानने, ट्रैक करने और निशाना बनाने की क्षमता रखता है।
दो स्तरों पर करेगा दुश्मन के ड्रोन का मुकाबला
भार्गवास्त्र में एयर डिफेंस रॉकेट और गाइडेड माइक्रो मिसाइलों की दोहरी व्यवस्था दी गई है। इसके पहले वर्जन में 64 ट्यूब वाला रॉकेट लॉन्चर लगाया गया है, जबकि दूसरे वर्जन में 64 गाइडेड माइक्रो मिसाइल लॉन्चर हैं। माइक्रो मिसाइलों में ऑटोनॉमस गाइडेंस सिस्टम और इन्फ्रारेड सीकर लगाया गया है, जिससे वे अपने लक्ष्य को पहचानकर निशाना साध सकती हैं।
इस सिस्टम में रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) डिटेक्टर, सर्विलांस रडार और इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सेंसर भी लगाए गए हैं। ये सेंसर दिन और रात दोनों समय दुश्मन के ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित C4I कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम सभी सेंसर और हथियारों के बीच तालमेल बनाता है।
पोकरण में रॉकेट और मिसाइलों का परीक्षण सफल
परीक्षण के दौरान वास्तविक ड्रोन स्वार्म लक्ष्यों को सिस्टम के सेंसर और कमांड नेटवर्क की मदद से पहचानकर ट्रैक किया गया। इसके बाद रॉकेट और गाइडेड माइक्रो मिसाइलों से फायरिंग की गई। कंपनी के मुताबिक, रॉकेट के वारहेड ने निर्धारित लक्ष्य पर सफलतापूर्वक निशाना लगाया। अलग-अलग परीक्षणों में माइक्रो मिसाइलों की गाइडेंस और टर्मिनल होमिंग क्षमता का भी प्रदर्शन किया गया।
पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से हुआ तैयार
भार्गवास्त्र का डिजाइन, सॉफ्टवेयर, रॉकेट और गाइडेड माइक्रो मिसाइल सहित प्रमुख तकनीक भारत में ही विकसित और निर्मित की गई है। यह सिस्टम सेना की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसे तीन वाहनों पर तैनात करने की व्यवस्था है, जिनमें लॉन्चर, सेंसर और कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम शामिल हैं।
सफल विकास परीक्षण के बाद अब इसका प्रोटोटाइप प्रदर्शन किया जाना है। इसकी क्षमता को और बेहतर बनाने के लिए आगे भी परीक्षण और तकनीकी सुधार किए जाएंगे। ड्रोन हमलों के बढ़ते खतरे के बीच भार्गवास्त्र को भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
