Aapka Rajasthan

Jaisalmer जिले के फतेहगढ़ इलाके में सोलर कंपनियां जला रही हरे भरे पेड़

 
Jaisalmer जिले के फतेहगढ़ इलाके में सोलर कंपनियां ​​​​​​​जला रही हरे भरे पेड़

जैसलमेर न्यूज़ डेस्क, जैसलमेर के फतेहगढ़ इलाके में कई निजी कंपनियां सोलर के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट लगा रही है। इसके लिए वे इलाके में लगे हरे भरे पेड़ काट रही है। हरे-भरे पेड़ काट कर रात को उन पेड़ों को जलाने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं लेकिन उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। सोलर प्रोजेक्ट की आड़ में हरे भरे पेड़ों के काटे जाने से ग्रामीणों में काफी गुस्सा है। ग्रामीणों ने वन विभाग और कलेक्टर को भी लेटर भेजा है लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है।

पर्यावरण प्रेमी सुमेर सिंह भाटी ने बताया कि रात के अंधेरे में कंपनी वाले जेसीबी की मदद से जंगल उजाड़ने का काम कर रही है। राज्य वृक्ष खेजड़ी को भी धड़ल्ले से काटा जा रहा है। कई पेड़ों को वे रात को जला कर नष्ट कर रहे हैं। ऐसे में जंगल खत्म होने जा रहे हैं। मगर ना तो अधिकारी और ना ही वन विभाग कोई कार्रवाई कर रहा है।

खेजड़ी, केर, जाल और बेर के काटे जा रहे पेड़
ग्रामीणों ने बताया कि फतेहगढ़ जैसलमेर में कई सोलर प्लांट लग रहे हैं। कंपनीयों की ओर से राजस्थान के राज्य वृक्ष खेजड़ी की अंधाधुंध कटाई की जा रही है। खेजड़ी के साथ-साथ जाल, केर, बेर आदि के पेड़ भी धड़ल्ले से काटे जा रहे हैं। प्रशासन कंपनी को केवल 13 पेड़ ही काटने की अनुमति देती है।

दोनों ही कंपनियां अपने प्रोजेक्ट बनाने के चक्कर में पेड़ों की बलि दे रही है। ऐसे में जंगल खत्म हो गए तो पशुओं और पक्षियों के लिए चारा और आसरा भी नहीं बचेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से हरे भरे पेड़ों की कटाई को जल्द से जल्द रुकवाने की मांग की है।