Jaisalmer आटा-साटा में टूटी सगाई से दुखी होकर युवक ने की आत्महत्या
जैसलमेर न्यूज़ डेस्क, आटा-साटा में हुई सगाई टूटने से निराश युवक ने गुरुवार को अपने खेत में पेड़ से फंदे पर लटक कर जान दे दी। बहन-भाई की सगाई बीकानेर के एक परिवार के भाई-बहन से हुई थी। युवक ने सुसाइड नोट में रिश्तेदारों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। मामला जैसलमेर के सांगड़ थाना इलाके का है।सांगड़ थाना प्रभारी नाथू सिंह ने बताया- प्रकाश सेन (24) पुत्र खीमाराम सेन फतेहगढ़ का निवासी था। फतेहगढ़ से करीब दो किमी दूर उसका खेत था। वह गुरुवार सुबह खेत पर गया था। परिजन ने जब प्रकाश को मोबाइल फोन पर कॉल किया, तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया। परिजन ने पड़ोसी को फोन करके पूछा। पड़ोसी ने सुबह 11:30 बजे खेत में देखा तो प्रकाश एक पेड़ से लटका नजर आया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन की मौजूदगी में शव को पेड़ से उतारा। पुलिस को प्रकाश की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें कुछ रिश्तेदारों के नाम हैं। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर खुदकुशी की जांच कर रही है।
सुसाइड नोट में प्रकाश ने बताया कि वह सगाई टूटने से निराश था। इसका कारण उसने कुछ रिश्तेदारों को बताया है। सुसाइड नोट में किसके और कितने नाम हैं। इसकी जानकारी पुलिस ने नहीं दी।पुलिस ने शव को जवाहिर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। इस मामले में परिजन की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है।
4 साल पहले हुई थी सगाई
थाना प्रभारी ने बताया- प्रकाश सेन और उसकी बहन की सगाई आटा-साटा में बीकानेर के एक परिवार से हुई थी। 4 साल पहले हुई सगाई एक महीने पहले टूट गई। प्रकाश के रिश्तेदारों को बीकानेर से सगाई तोड़ने का मैसेज आया। रिश्तेदार ने उनके घर में यह जानकारी दी। तब से प्रकाश काफी परेशान रहता था। प्रकाश खेती करता था।
क्या है आटा-साटा
माता-पिता कई बार अपने लड़के की शादी न होने पर ये शर्त रखते हैं कि यदि आप हमें बेटी देंगे तो हम अपनी बेटी की शादी आपके बेटे से कर देंगे। सीधे-सीधे शब्दों में समझें तो लड़की के बदले लड़की लेना और देना एक आटा–साटा है। यह कुरीति राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में कई सालों से चली आ रही है। बाल विवाह के मामलों में अधिकतर आटा-साटा ही होता है।
